रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं और बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और संथाली भाषा-समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘आंगेन’ ने राष्ट्रीय स्तर पर संथाली संस्कृति, परंपराओं और भाषा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान दिलाई है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सम्मान झारखंड की रचनात्मक प्रतिभाओं की क्षमता का प्रमाण है। उनके अनुसार, इस उपलब्धि से राज्य की कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि रवि राज मुर्मू की सफलता राज्य के युवा फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवा अपनी रचनात्मकता के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को देश-दुनिया के सामने और मजबूती से प्रस्तुत करेंगे।
अंत में मुख्यमंत्री ने रवि राज मुर्मू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी फिल्मी सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।


