रांची: झारखंड सरकार की राज्य स्तरीय आकांक्षा योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग प्राप्त करने वाले 17 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 परीक्षा में सफलता हासिल की है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की इस पहल के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मेडिकल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
वर्ष 2016-17 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराना है। चयनित छात्रों को रहने, भोजन, अध्ययन सामग्री और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन दिया जाता है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस वर्ष NEET-UG 2026 में अंजलि महतो ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 99.79 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 4029 हासिल की। वहीं हिमांशु राज ने 99.60 परसेंटाइल के साथ AIR 7669 प्राप्त किया।
इसके अलावा जीतू यादव, रोहन कुजूर, नितेश कुमार महतो, सेजल राज चंद्रा, काजल कुमारी, किरण कुमारी, खुशी कुमारी, खुशबू कुमारी, रीत कुमार ठाकुर, अमर मुर्मू, सूर्यकांत उरांव, सृष्टि कुमारी, विवेक कुमार मंडल, विनोद चिक बराइक और ममता कुमारी ने भी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर योजना की उपलब्धि को और मजबूत किया।
राज्य सरकार का कहना है कि जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी संस्थानों में विद्यार्थियों को भारी शुल्क देना पड़ता है, वहीं आकांक्षा योजना के तहत सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को भी समान अवसर मिल रहा है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा योजना प्रतिभाशाली छात्रों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और आने वाले वर्षों में भी इस योजना के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।


