Monday, July 20, 2026

झारखंड मौसम अपडेट: 20 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात की भी चेतावनी.

Share

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 और 20 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

19 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 19 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी, निकटवर्ती मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। प्रभावित जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका जताई गई है।

20 जुलाई को इन इलाकों के लिए अलर्ट

20 जुलाई को भी मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

तापमान का हाल

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद चाईबासा (34.8°C), पाकुड़ (34.3°C), कांके (33.3°C), जमशेदपुर (33.0°C), खूंटी (32.4°C), बोकारो (32.1°C), डाल्टनगंज (31.6°C), लोहरदगा (30.8°C) और रांची (30.6°C) का स्थान रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान कांके में 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रांची में 23.4°C, बोकारो में 24.4°C, लोहरदगा में 24.7°C और जमशेदपुर में 26.4°C दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटे में बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में धनबाद जिले के राजदह में सबसे अधिक 76.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने, वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Read more

Local News