Monday, July 20, 2026

सावन से पहले पहाड़ी मंदिर की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर दिया जोर.

Share

रांची: सावन माह के आगमन से पहले रांची जिला प्रशासन ने पहाड़ी बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने मंदिर परिसर का दौरा कर विकास कार्यों और विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों, शौचालय निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और पहुंच मार्ग को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने सीढ़ियों पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूजा के दौरान शीशे से बनी किसी भी सामग्री का उपयोग न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सावन मेले के दौरान मंदिर परिसर में कांच से बनी पूजा सामग्री प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही आसपास के दुकानदारों से भी ऐसी सामग्री की बिक्री नहीं करने का अनुरोध किया गया है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर राज्य और रांची जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, जिला नजारत अपर समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, विद्युत कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान भी किया।

Read more

Local News