Friday, June 5, 2026

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और माल ढुलाई खर्च बढ़ने से पटना में आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है।

Share

पटना। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और माल ढुलाई खर्च बढ़ने का असर अब सीधे आम लोगों की रसोई पर पड़ रहा है।

राजधानी पटना के थोक और खुदरा बाजारों में दाल, चावल, खाद्य तेल, मसाले और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक महीने में परिवहन लागत बढ़ने से अधिकांश खाद्य वस्तुओं के दामों में तेजी आई है।

चार महीने में अरहर दाल 20 रुपये महंगा 

चार महीने के पहले के दर से वर्तमान के तुलना करें तो हर घर के बजट में 15 से 25 सौ रुपये बढ़ गए है। महराजगंज मंडी के थोक कारोबारी जितेंद्र कुमार के अनुसार औरंगाबाद से आने वाले माल का भाड़ा 81 रुपये से बढ़कर 90 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

रायपुर से 275 रुपये की जगह 300 रुपये, दिल्ली से 250 रुपये की जगह 295 रुपये, पश्चिम बंगाल से 150 रुपये की जगह 200 रुपये, कटनी से 130 रुपये की जगह 250 रुपये भाड़ा देना पड़ रहा है। 

वहीं विदिशा से 260 रुपये की जगह 300 रुपये तथा महाराष्ट्र से 355 रुपये की जगह 495 रुपये प्रति क्विंटल भाड़ा देना पड़ रहा है। इससे थोक बाजार में आने वाले अधिकांश खाद्यान्न महंगे हुए हैं।

थोक से खुदरा बाजार में 20 रुपये से अधिक तक अंतर

दाल कारोबारी गोल्डेन कुमार बताते हैं कि अरहर दाल का थोक भाव 105-108 रुपये से बढ़कर 108-110 रुपये प्रति किलो, मसूर 68 रुपये से बढ़कर 72 रुपये और उड़द 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है।

वहीं चावल कारोबारी संजय कुमार के अनुसार सेवन स्टार चावल 40 रुपये से बढ़कर 47 रुपये, उसना सोनम 50-52 रुपये से बढ़कर 56 रुपये, हाफ स्टीम 56 रुपये से बढ़कर 63 रुपये, सुपर सोनम 52 रुपये से बढ़कर 58 रुपये और सुपर सुना 53 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।

खुदरा बाजार में भी इसका असर साफ दिख रहा है। अरहर दाल 120 से 140 रुपये प्रति किलो बिक रही है। सरसों तेल, जो पहले 150-175 रुपये प्रति लीटर मिलता था, अब 160 से 210 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।

चीनी 38 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो और सत्तू 42 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। 25 किलो का सेवन स्टार चावल पैकेट 1050 रुपये से बढ़कर 1180 रुपये तथा ब्यूटी क्वीन चावल 1250 रुपये से बढ़कर 1350 रुपये हो गया है।

दैनिक उपयोग की चीजों में तेजी

कुर्जी के दुकानदार संजीव कुमार ने बताया कि दैनिक उपयोग की वस्तुओं में भी तेजी बनी हुई है। व्हील सर्फ 72 रुपये से बढ़कर 84 रुपये प्रति किलो, आशीर्वाद आटा का पांच किलो पैकेट 254 रुपये से बढ़कर 273 रुपये, फार्च्यून रिफाइंड तेल 145 रुपये से बढ़कर 155 रुपये हो गया है। 

फार्च्यून कच्ची घानी तेल 170 रुपये से बढ़कर 175 रुपये तथा सफोला रिफाइंड तेल 185 रुपये से बढ़कर 210 रुपये हो गया है।

मसालों में एमडीएच कश्मीरी मिर्च 110 रुपये से बढ़कर 125 रुपये, गरम मसाला 105 से 115 रुपये, मीट मसाला 92 से 100 रुपये और हल्दी पाउडर 42 से 48 रुपये तक पहुंच गया है।

टाटा टी गोल्ड 250 ग्राम 125 रुपये से बढ़कर 135 रुपये और ग्रीन टी 165 रुपये से बढ़कर 190 रुपये हो गई है। हालांकि कुछ उत्पादों में उपभोक्ताओं को राहत भी मिली है।

हार्लिक्स का एक किलो पैक 480 रुपये से घटकर 425 रुपये, बोर्नविटा 550 रुपये से घटकर 485 रुपये और काम्पलान 325 रुपये से घटकर 285 रुपये में मिल रहा है। कुछ टूथपेस्ट ब्रांडों के दाम भी कम हुए हैं।

Read more

Local News