कांग्रेस वर्किंग कमेटी के स्थाई सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू की उपस्थिति में, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में पुरानी विधानसभा सभागार में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई. मीटिंग में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राज्यसभा चुनाव के संबंध में प्रदेश कांग्रेस को भेजे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया.
सभी के कार्यों की होगी समीक्षा
बैठक को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि कांग्रेस एवं गठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह से एकजुट हैं और राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी विजयी होंगे. प्रदेश कांग्रेस संगठन के संबंध में कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव एवं सह सचिव को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और उनके कार्यों की समीक्षा हर तीन माह में की जाएगी.
बीजेपी पर बरसे के. राजू
के. राजू ने आगे बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है. विधायक, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव एवं सह सचिव, सभी को इस विषय पर विशेष रूप से सक्रिय रहना होगा. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी, मतदाता सूची से नाम हटाकर अपने राजनीतिक षड्यंत्र को सफल बनाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में सफल नहीं होने देगी.
अंतिम पड़ाव पर है संगठन सृजन: कांग्रेस
के. राजू ने कहा कि झारखंड में संगठन सृजन का काम पिछले डेढ़ सालों से चल रहा है. अब संगठन सृजन अंतिम पड़ाव पर है. हमने ग्राम पंचायत कमेटी, प्रखंड कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन कर लिया है. ग्राम पंचायत के पदाधिकारी प्रखंड कांग्रेस के पदाधिकारी जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है और जवाबदेही भी तय कर दी गई है. अब हर तीन महीने में रिव्यू मीटिंग होगी. सभी का परफॉर्मेंस भी चेक किया जाएगा.
SIR के सहारे झारखंड में कामयाब होना चाहती है भाजपा: प्रदेश अध्यक्ष
इधर, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि SIR के सहारे षड्यंत्र करके बीजेपी, झारखंड में कामयाब होना चाहती है लेकिन कांग्रेस ने सूबे के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त कर दिए हैं ताकि मतदाताओं का सहयोग किया जा सके. किसी का नाम जबरन हटाया ना जा सके. केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी, SIR के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटना चाहती है, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे.


