जून के पहले वीकेंड पर ओटीटी पर नई फिल्में और सीरीज स्ट्रीम हो रही हैं. अगर आप सोच रहे हैं कि वीकेंड पर क्या देखें? तो हम आपके इस काम को आसान करने के लिए नई ओटीटी रिलीज की लिस्ट लेकर आए हैं, जो आपके वीकेंड को व्यस्त रखने में मदद करेगी. रणवीर सिंह की 1,800 करोड़ रुपये की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रॉ एंड अनदेखा से लेकर ‘गुल्लक सीजन 5’ तक, बहुत कुछ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर है, जिसे आप इस वीकेंड घर बैठे देख सकते हैं.
‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रॉ एंड अनदेखा
स्ट्रीमिंग डेट: 5 जून
ओटीटी प्लेटफॉर्म: जियो हॉटस्टार/नेटफ्लिक्स
‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रॉ एंड अनदेखा का प्रीमियर 4 जून को शाम 7 बजे से शुरू हुआ. यह फिल्म बिना कट के 5 जून से जियो हॉटस्टार/नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. ‘धुरंधर 2’ में जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमज़ा अली मजारी) की कहानी आगे बढ़ती है, जो रहमान डकैत की मौत के बाद ‘शेर-ए-बलूच’ बन जाता है. फिल्म उसकी बैकस्टोरी का खुलासा करती है. इस बार, हमजा को 26/11 के आतंकी हमलों का बदला लेने, सिंडिकेट को खत्म करने और लियारी में बदलते हालात के बीच बड़े खतरों का सामना करने के लिए अपना रास्ता बनाते हुए नजर आता है.
‘पैट्रियट’
स्ट्रीमिंग डेट: 5 जून
ओटीटी प्लेटफॉर्म: जी5
पैट्रियट हाई-स्टेक्स पॉलिटिकल थ्रिलर डॉ. डैनियल जेम्स (ममूटी) की कहानी है, जो एक टेक स्पेशलिस्ट हैं. उन्हें उस सर्विलांस सॉफ़्टवेयर के बारे में एक चौंकाने वाली सच्चाई पता चलती है, जिसे बनाने में उन्होंने मदद की थी. जब उन्हें एहसास होता है कि इस टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल हो रहा है, तो वे पूर्व सैनिक रहीम नाइक (मोहनलाल) और भरोसेमंद साथी माइकल देवास्सी (कुंचाको बोबन) की मदद से इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पर्दाफाश करने के लिए सब कुछ दांव पर लगा देते हैं
‘गुल्लक सीजन 5’
स्ट्रीमिंग डेट: 5 जून
ओटीटी प्लेटफॉर्म: सोनी लिव
सबकी पसंदीदा मिश्रा फैमिली एक और दिल को छू लेने वाले चैप्टर के साथ लौट रही है. ‘गुल्लक सीजन 5’ सोनी लिव पर 5 जून से स्ट्रीम हो रहा है. इसमें आम जिंदगी की मुश्किलें, मजाक-मस्ती और रोजमर्रा की छोटी-छोटी जीतें देखने को मिलेंगी. इस सीजन में, अन्नू (अनंत जोशी) अपने करियर से जूझ रहा है, जबकि अमन (हर्ष मयार) जिंदगी के एक ऐसे नए पड़ाव पर है जो कई अनजाने राजों से भरा है. संतोष (जमील खान) घर को मॉडर्न बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे कई मजेदार पल सामने आते हैं.
‘ब्राउन’
स्ट्रीमिंग डेट: 5 जून
ओटीटी प्लेटफॉर्म: जी5
‘ब्राउन’ अभीक बरुआ के नॉवेल ‘सिटी ऑफ डेथ’ पर आधारित एक डार्क साइकोलॉजिकल थ्रिलर है, जो कोलकाता की अंधेरी और खतरनाक दुनिया को दर्शाती है. कहानी रीता ब्राउन, जिसका किरदार करिश्मा कपूर निभा रही है, के बारे में है, जो एक बदनाम और शराब की लत वाली पूर्व पुलिस अफसर हैं. उन्हें एक सीरियल किलर द्वारा युवा महिलाओं की बेरहमी से की जा रही हत्याओं की जांच के लिए मजबूरी में वापस फोर्स ज्वाइन करने के लिए बुलाया जाता है.
‘केडी: द डेविल’
स्ट्रीमिंग डेट: 5 जून
ओटीटी प्लेटफॉर्म: जी5
‘केडी: द डेविल’ इस साल की सबसे बड़ी कन्नड़ फिल्मों में से एक रही है. सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद यह ओटीटी पर धूम मचाने आ रही है. यह 5 जून से जी5 पर स्ट्रीम हो रही है. प्रेम के निर्देशन में बनी यह पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म 1970 के दशक के बेंगलुरु के अंडरवर्ल्ड पर आधारित है. कहानी कालीदास, जिन्हें केडी के नाम से जाना जाता है, के इर्द-गिर्द घूमती है. उनके परिवार को मिली धमकियों के कारण उन्हें अपराध की खतरनाक दुनिया में उतरना पड़ता है, जिससे उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है.


