Friday, June 5, 2026

राज्यसभा चुनाव में भाजपा का कौन होगा प्रत्याशी यह शनिवार सुबह तक पार्टी की बैठक में तय किया जाएगा.

Share

रांची: महागठबंधन के अंदर सीट बंटवारे को लेकर चल रही खटास के बीच भाजपा ने राज्यसभा की एक सीट पर जीत का दावा किया है. प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार शाम राज्यसभा चुनाव को लेकर विधायक दल की अहम बैठक हुई. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में चली इस बैठक में बिहार से आए पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल नारायण सिंह भी शामिल हुए. करीब एक घंटे तक चली बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा दो सीटों पर प्रत्याशी उतारने और कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर भी विचार-विमर्श हुआ. साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगामी कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा भी की गई.

शनिवार सुबह तक प्रत्याशी घोषणा

बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी ने राज्यसभा की एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है. प्रत्याशी की घोषणा आज देर रात या कल शनिवार सुबह तक केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कर दी जाएगी. नवीन जायसवाल ने विश्वास जताते हुए कहा, “भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी.” नामांकन की अंतिम तारीख 8 जून तय है, इसलिए प्रत्याशी घोषणा के बाद सभी भाजपा विधायक एकजुट होकर नामांकन दाखिल करने जाएंगे.

81 विधायकों वाले मतदान में भी जीत का भरोसा

मुख्य सचेतक ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कुल 81 विधायक मतदाता हैं. आंकड़ों के लिहाज से कमजोर स्थिति के बावजूद पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि उसके प्रत्याशी को जीत मिलेगी.

ये नेता रहे मौजूद

बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक शशि भूषण मेहता, राज सिन्हा, पूर्णिमा देवी, नीरा यादव समेत कई वरिष्ठ विधायक और नेता उपस्थित रहे.

Read more

Local News