अगर आप फुटबॉल काफी पसंद करते हैं और मोबाइल में फुटबॉल गेम खेलना पसंद है तो यह ख़बर आपको काफी खुश कर सकती है. दरअसल, FIFA ने Netflix के साथ एक पार्टनरशिप की है. इस पार्टनरशिप के तहत दोनों ने मिलकर एक नया फुटबॉल गेम पेश किया है, जिसका नाम FIFA World Cup: Launch Edition है.
प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, यह गेम FIFA World Cup 2026 से ठीक पहले 11 जून को Netflix Games पर एक्सक्लूसिव तौर पर लॉन्च होगा. इसकी खास बात यह है कि नेटफ्लिक्स के सभी मेंबर्स इसे बिना किसी अतिरिक्त कीमत के खेल सकेंगे यानी अगर आपके पास नेटफिलिक्स का सब्सक्रिप्शन है तो आप इस गेम को बिल्कुल मुफ्त में खेल पाएंगे.
गेम की खास बात
FIFA World Cup: Launch Edition में टूर्नामेंट की सभी 48 राष्ट्रीय टीमें, सभी 16 आधिकारिक स्टेडियम और 1,200 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हैं. यूजर अपनी पसंदीदा टीम चुनकर टूर्नामेंट से प्रेरित मैचों में हिस्सा ले सकते हैं.
FIFA ने इस गेम को इस तरह तैयार किया है कि इसे वो लोग भी आसानी से खेल सकते हैं, जिन्हें वीडियो गेम्स का ज्यादा अनुभव नहीं है. इस गेम में कंट्रोल्स सिस्टम्स को काफी आसान बनाया गया है और गेम में जल्दी एंट्री करना भी आसान है. इस कारण ऐसा कहा जा रहा है कि इस गेम को कंपनी ने हर उम्र के फुटबॉल फैन्स के लिए डिज़ाइन किया है.
फोन से कैसे खेलें?
इस गेम का कंट्रोल सिस्टम काफी अनोखा और दिलचस्प है. यूजर गेम को किसी कम्पैटिबल स्मार्ट TV पर लॉन्च कर सकते हैं और फिर QR कोड स्कैन करके अपने मोबाइल फोन को कंट्रोलर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.
उसके बाद आपको गेम में चाहे पास देना हो, शूट करना हो या गेमप्ले कंट्रोल करना हो – सबकुछ सीधे स्मार्टफोन से कर सकते हैं. इसका मतलब गै कि अलग से कोई गेमिंग कंट्रोलर खरीदने की जरूरत नहीं है.
मल्टीप्लेयर का मजा भी मिलेगा
इस गेम में अकेले खेलने के अलावा लोकल मल्टीप्लेयर सपोर्ट भी उपलब्ध है, जिसमें एक साथ चार खिलाड़ी एक ही मैच में हिस्सा ले सकते हैं. इसका मतलब है कि दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर वर्ल्ड कप का असली जोश घर बैठे महसूस किया जा सकता है.
FIFA ने साफ किया है कि यह लॉन्च एडिशन सिर्फ शुरुआत है. आने वाले समय में इसमें और फीचर्स और गेमप्ले अपडेट जोड़े जाएंगे. यह लॉन्च FIFA की बड़ी डिजिटल एंगेजमेंट स्ट्रैटेजी का हिस्सा है. इसके तहत संस्था अपने फैन बेस को डिजिटल दुनिया में और मजबूती से जोड़ना चाहती है. Netflix Games के साथ फीफा की यह साझेदारी उसी दिशा में एक ठोस कदम है.


