उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता सोमवार को धनबाद पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने उनका स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने धनबाद प्रवास के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में जिले में राजस्व संग्रहण की स्थिति, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रगति, आंतरिक संसाधनों से जुड़े विषयों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
इस बैठक में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे। समीक्षा के दौरान राजस्व और निर्वाचन से संबंधित कार्यों को गति देने, लंबित मामलों के जल्द निपटारे और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा सकते हैं।
प्रमंडलीय आयुक्त के इस दौरे को जिले में चल रहे प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


