Monday, July 13, 2026

झारखंड पुलिस ने UAPA मामलों की जांच को मजबूत करने के लिए शुरू किया विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम.

Share

रांची में उग्रवाद और आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 जुलाई 2026 से अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय, होटवार में आयोजित किया जा रहा है।

  • इस प्रशिक्षण में झारखंड पुलिस की विभिन्न जिला इकाइयों, एटीएस और अन्य शाखाओं के 45 पुलिस अधिकारी शामिल हो रहे हैं। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक, निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी भाग ले रहे हैं।
  • कार्यक्रम का मुख्य विषय “यूएपीए (UAPA) कानून के तहत अनुसंधान कौशल एवं अभियोजन” रखा गया है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को उग्रवाद और आतंकवाद से जुड़े मामलों में वैज्ञानिक तरीके से जांच करने, साक्ष्य जुटाने और प्रभावी अभियोजन तैयार करने से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
  • पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ऐसे मामलों में मजबूत जांच और कानूनी प्रक्रिया के सही इस्तेमाल से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) ए. विजयलक्ष्मी ने किया। मौके पर एनआईए के पुलिस अधीक्षक सार्थिक नाथ, अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में विशेषज्ञों की ओर से अधिकारियों को यूएपीए से जुड़े मामलों की जांच, कानूनी प्रावधानों और अभियोजन की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।

Read more

Local News