Monday, July 13, 2026

धनबाद में राजस्व और SIR कार्यों की समीक्षा, आयुक्त ने अधिकारियों को समय पर मामलों के निपटारे का दिया निर्देश.

Share

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में राजस्व विभाग और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने राजस्व मामलों के शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से जुड़े मामलों का निपटारा तय समय सीमा के अंदर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए। सरकार की प्राथमिकता है कि नागरिकों को राजस्व से जुड़ी सेवाएं आसान, पारदर्शी और समय पर उपलब्ध हों।

बैठक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की स्थिति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने धनबाद जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया और इसके लिए उपायुक्त आदित्य रंजन सहित पूरी टीम की सराहना की।

समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी। आयुक्त ने राजस्व संग्रहण बढ़ाने, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और आंतरिक संसाधनों को मजबूत करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पहले सर्किट हाउस में जिला प्रशासन की ओर से आयुक्त विजय कुमार गुप्ता का स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News