बिहार में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद सभागार में इस योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत हेलीकॉप्टर सेवा के लिए बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि नियमित उड़ानें 18 जुलाई 2026 से शुरू होंगी।
इस योजना के अंतर्गत हर शनिवार और रविवार को पर्यटक पटना से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक हवाई यात्रा कर सकेंगे। पहले चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
टिकट पर मिलेगी सरकारी सहायता
सरकार की ओर से इस हेली-टूरिज्म योजना के तहत यात्रियों को आर्थिक राहत देने के लिए प्रति टिकट अधिकतम 15,422 रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आम पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर से पर्यटन स्थलों की यात्रा अपेक्षाकृत सुलभ हो सकेगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब केवल धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। सरकार का उद्देश्य राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाना है।
पर्यटन से रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र का विकास केवल यात्राओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। सरकार होम स्टे, हस्तशिल्प, लोक कला, पारंपरिक खान-पान और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर काम कर रही है।
उन्होंने पर्यटन विभाग को एयर टूरिज्म का विस्तार करने और निजी क्षेत्र को इससे जोड़ने के लिए प्रयास करने का निर्देश दिया। सरकार पीपीपी मॉडल के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने की योजना पर भी काम कर रही है।
प्रमुख पर्यटन स्थलों को मिलेगी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, नालंदा विश्वविद्यालय और मगध साम्राज्य जैसी ऐतिहासिक धरोहरों का केंद्र है। इन स्थलों को दुनिया के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
उन्होंने राजगीर, बोधगया, लछुआर, वैशाली, वाल्मीकिनगर, भीमबांध, नालंदा विश्वविद्यालय, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर और कैमूर के मां मुंडेश्वरी मंदिर जैसे पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर विकसित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना में दो बड़े होटलों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा जेपी गंगा पथ से सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे बनाने की योजना भी प्रस्तावित है।
बेहतर आधारभूत सुविधाओं से पर्यटन को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने राज्य में सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा पर्यटन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के साथ रोजगार और आर्थिक विकास को भी गति देगी।


