Monday, July 13, 2026

पलामू पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 175 SI-ASI स्तर के अधिकारियों का तबादला

Share

पलामू पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। जिले में तैनात करीब 175 अवर निरीक्षक (SI) और सहायक अवर निरीक्षक (ASI) स्तर के पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस बदलाव के तहत कई थाना और ओपी प्रभारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

सब इंस्पेक्टर राजेश रंजन को तरहसी थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पांकी थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, रुद्रनानंद सरस को जिले का नया ट्रैफिक प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने सत्येंद्र दुबे की जगह ली है।

इसके अलावा चंद्रशेखर यादव को किशुनपुर ओपी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि बिरेंद्र मेहता को दंगवार ओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले तरहसी थाना प्रभारी का पद खाली हो गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी आनंद कुमार को वाहन छोड़ने के बदले पैसे मांगने के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद अब नए प्रभारी के रूप में राजेश रंजन की नियुक्ति की गई है।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पिछले दो वर्षों से अलग-अलग थाना, ओपी और शाखाओं में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। उन्होंने कहा कि फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाना, कार्यों में तेजी लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

Read more

Local News