Friday, June 5, 2026

Samsung Health के नए अपडेट में Vitals, Heart Health Score, Daily Cardio Load और Fitness Index जैसे AI-पावर्ड फीचर्स मिलते हैं.

Share

 सैमसंग ने अपनी सैमसंग हेल्थ ऐप में एक बड़ा और अहम अपडेट लाने का ऐलान किया है. यह अपडेट 8 जून से रोलआउट होना शुरू हो जाएगा. इस अपडेट के साथ Galaxy Watch सिर्फ एक स्मार्टवॉच नहीं रहेगी, बल्कि यह एक प्रोएक्टिव और इंटेलिजेंट हेल्थ पार्टनर बन जाएगी. सैमसंग का मकसद है कि मुश्किल बायोमेट्रिक डेटा को इतना आसान बना दिया जाए कि हर यूज़र अपनी सेहत को बेहतर तरीके से समझ सके और उस पर एक्शन ले सके. नींद से लेकर रोज की एक्टिविटीज़ तक, सबकुछ एक ऐसे फॉर्मेट में मिलेगा, जिसे यूज़र्स के लिए समझना काफी आसान होगा.

सैमसंग इलेक्ट्रोनिक्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और डिजिटल हेल्थ टीम के हेड हॉन पाक ने कहा कि सैमसंग हेल्थ अब गैलेक्सी वॉच के हेल्थ डेटा को एआई-बेस्ड इनसाइट्स से जोड़ रही है, ताकि यूज़र्स अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति को पहले से ज्यादा आसानी से समझ सके.

Vitals का अपडेट

सैमसंग गैलेक्सी वॉच में आए सभी अपडेट्स में सबसे खास Vitals का है. पहले सैमसंग हेल्थ कुछ खास हेल्थ मेट्रिक्स के आधार पर एनर्जी स्कोर बताती थी. अब वाइटल्स फीचर रात की नींद के दौरान पांच अहम बायो-सिग्नल्स जैसे कि हार्ट रेट, हार्ट रेट वेरिएबिलिटी, रेस्पिरेटरी रेट, स्किन टेंपरेचर और ब्लड ऑक्सीजन को यूज़र के असली रेस्टिंग बेसलाइन से तुलना करके टेस्ट करेगा. उसके बाद सुबह उठने पर अगर कोई असामान्य बदलाव दिखे तभी नोटिफिकेशन आएगा, ताकि यूजर को बार-बार अलर्ट से परेशानी न हो. इससे यह समझना आसान होगा कि शरीर को और आराम चाहिए या कोई बीमारी तो नहीं पनप रही.

Vitals

Heart Health Score

सैमसंग ने पिछले साल Vascular Load फीचर को वॉच में शामिल किया था, जो वैस्कुलर स्ट्रेस को ट्रैक करता था. अब उसकी जगह Heart Health Score आ गया है. यह एक सिंगल डेली मेट्रिक है जो नींद, स्ट्रेस, गतिविधि और बॉडी कंपोजिशन डेटा को मिलाकर एक कंबाइन्ड स्कोर देता है. इससे यूज़र को तुरंत पता चल जाएगा कि उनकी कौन सी आदतें दिल की सेहत पर असर डाल रही हैं और उन्हें किस चीज पर ध्यान देने की जरूरत है.

Heart Health Score

Daily Cardio Load

जो लोग कार्डियो एक्सरसाइज़ करते हैं, उनके लिए सैमसंग ने इस खास फीचर यानी Daily Cardio Load को पेश किया है. यह कार्डियो एक्सरसाइज़ करने वाले लोगों के लिए काफी अच्छा फीचर है. यह दिन भर के कार्डियोवैस्कुलर स्ट्रेन को मापता है और यूजर की अधिकतम ट्रेनिंग क्षमता के हिसाब से बताता है कि कितनी मेहनत करनी चाहिए और कब आराम लेना जरूरी है. इसमें ओवरट्रेनिंग और चोट लगने का खतरा कम होता है और फिटनेस गोल्स भी जल्दी हासिल हो जाते हैं.

Daily Cardio Load

Fitness Index

फिटनेस इंडेक्स फीचर हार्ट रेट, VO2 Max और रोज के स्टेप्स जैसे कई डेटा को हमउम्र यानी सेम उम्र वाले लोगों के औसत से तुलना करके बताता है कि आप फिज़िकली कहां हैं. इससे आपकी ताकत और कमजोरियां साफ नज़र आती हैं और पर्सनलाइज्ड गोल्स और कंटेंट के जरिए लगातार सुधार का रास्ता मिलता है.

Fitness Index

नया डिज़ाइन और अपग्रेडेड फीचर्स

सैमसंग हेल्थ का पूरा लेआउट भी बदल गया है. अब होम स्क्रीन पर पांच मुख्य सेक्शन होंगे. इनमें Sleep, Activity, Nutrition, Mindfulness और Vitals शामिल होंगे. एआई-पावर्ड एनर्जी स्कोर और डेली वेलनेस टिप्स एक ही जगह पर दिखेंगे. इसके अलावा Antioxidant Index में नए ट्रेंड चार्ट और डेली हिस्ट्री लॉग जोड़े गए हैं जो खाने की आदतों और शरीर की प्रतिक्रिया को जोड़कर दिखाते हैं. AGEs Index अब बैकग्राउंड में रात भर खुद-ब-खुद माप लेगा, जिससे यूज़र्स के लाइफस्टाइल के लॉन्ग-टाइम इफेक्ट्स की डिटेल्स सामने आएंगी.

इन सभी चीजों के अलावा सैमसंग ने अपने गैलेक्सी स्मार्टवॉच में एक और खास फीचर जोड़ा है, जिसका नाम Hearing Health है. यह फीचर गैलेक्सी वॉच के जरिए आसपास के शोर को सुनता है, उसे मॉनिटर करता है और यूज़र्स के कानों की सुरक्षा के लिए पर्सनलाइज्ड सजेशन्स देता है. आप चाहे भीड़-भाड़ वाले सफर में हो या जिम में तेज म्यूज़िक वाले माहौल में हो या ऐसे किसी भी शोर वाले माहौल में हो, ये फीचर आपको आपके कानों की सुरक्षा के लिए सुझाव देगा.

ये सभी फीचर्स गैलेक्सी मोबाइल और कनेक्टेड डिवाइसेस के बीच बिना किसी रुकावट के काम करेंगे. ये नए फीचर्स सबसे पहले आने वाली नई Galaxy Watch पर मिलेंगे. यह अपडेट Android 10 या उससे ऊपर के फोन पर Samsung Health ऐप v7.0 या उससे ऊपर के वर्जन पर काम करेगा और Samsung अकाउंट लॉगिन जरूरी होगा.

Read more

Local News