Friday, June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रांची नगर निगम द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए.

Share

रांची: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रांची में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसी कड़ी में रांची नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण और पौधरोपण के माध्यम से लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया.

नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण बचाने का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण प्रदूषण, अंधाधुंध पेड़ कटाई और उसके दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखा. नाटक के माध्यम से बताया गया कि लगातार घटते वन क्षेत्र, बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं.

कलाकारों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया. इस अवसर पर आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने, पेड़-पौधों की रक्षा करने, स्वच्छता बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.

पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत: मेयर

कार्यक्रम के तहत रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सिंह और नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है.

मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है. जिस तेजी से पेड़ों की कटाई और प्रदूषण बढ़ रहा है, उसे देखते हुए हम सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है. नगर निगम लगातार हरित रांची के लक्ष्य को लेकर काम कर रहा है.

Ranchi Municipal Corporation awareness campaign on World Environment Day

पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है: नगर आयुक्त

डिप्टी मेयर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद दिलाने का अवसर है. यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. हर नागरिक को इस अभियान से जुड़ना चाहिए.

वहीं, नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है. पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है. पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है.

Ranchi Municipal Corporation awareness campaign on World Environment Day

कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर हरित और स्वच्छ रांची के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था.

Read more

Local News