Thursday, November 26, 2026

‘हमरा खदान, हमर कोयला और बिजली जली तो टाटा-बिरला’, MMDR बिल पर गरजे जयराम महतो, आजसू ने भी किया विरोध

Share

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में केंद्र पर राज्य के अधिकार सीमित करने का आरोप, सरकार के संकल्प प्रस्ताव का किया समर्थन

रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR संशोधन विधेयक को लेकर विरोध जारी है। डुमरी विधायक जयराम महतो के साथ आजसू पार्टी ने भी इस विधेयक का विरोध किया है। दोनों ने केंद्र सरकार पर झारखंड के अधिकारों को सीमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से सदन में पेश संकल्प प्रस्ताव का समर्थन किया।

आजसू ने कहा- झारखंड के हित में नहीं है विधेयक

सदन में आजसू के मांडू विधायक निर्मल महतो ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक झारखंड के हित में नहीं है। पार्टी ऐसे किसी भी विधेयक का समर्थन नहीं करेगी, जो राज्य की जनता के हितों के खिलाफ हो।

उन्होंने बताया कि आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मामले में पहले ही केंद्रीय कोयला मंत्री को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार को बताया गया था कि इस विधेयक के जरिए राज्य सरकार के अधिकारों को कम नहीं किया जाना चाहिए। निर्मल महतो ने कहा कि खनिज संपदा से जुड़े फैसले लेते समय झारखंड के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

जयराम महतो ने कहावत के जरिए उठाया संसाधनों पर अधिकार का सवाल

डुमरी विधायक जयराम महतो ने सदन में स्थानीय कहावत के जरिए झारखंड के संसाधनों पर राज्य के अधिकार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “हमर पानी, हमर पसीना और बिजली जली तो शेख पसीना। हमरा खदान, हमर कोयला और बिजली जली तो टाटा-बिरला।”

उन्होंने कहा कि झारखंड देश को करीब 40 प्रतिशत खनिज संपदा उपलब्ध कराता है, लेकिन इसके बदले राज्य के लोगों को विस्थापन और आजीविका से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खनन के कारण जमीन प्रभावित होती है, जबकि स्थानीय लोगों को इसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता।

जयराम महतो ने सवाल उठाया कि दिल्ली में बैठी सरकार को यह तय करने का अधिकार नहीं होना चाहिए कि राज्य सरकार अपनी खनिज संपदा पर कर लगा सकती है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में हैं और झारखंड सरकार की ओर से लाए गए संकल्प प्रस्ताव का समर्थन करते हैं।

राज्य के अधिकारों को लेकर सदन में जारी है बहस

MMDR संशोधन विधेयक को लेकर झारखंड विधानसभा में अलग-अलग दलों के विधायक अपनी आपत्तियां रख रहे हैं। विरोध करने वाले नेताओं का तर्क है कि खनिज संपदा से जुड़े फैसलों में राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों का ध्यान रखा जाना चाहिए। इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य के अधिकारों को लेकर सदन में बहस जारी है।

Read more

Local News