Thursday, November 26, 2026

लातेहार में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, एक माह में 29 वाहन जब्त

Share

अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में तीन प्राथमिकी दर्ज; 15.76 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया

लातेहार। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले करीब एक महीने में चलाए गए अभियान के दौरान 29 वाहनों को जब्त किया गया है। इस अवधि में तीन प्राथमिकी दर्ज कराई गईं और 15,76,601 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।

गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

28 अक्टूबर से चल रहा है अभियान

जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) मो. नदीम सफी ने बैठक में बताया कि 28 अक्टूबर से अब तक अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 29 वाहनों को जब्त करने के साथ तीन मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के तहत कुल 15 लाख 76 हजार 601 रुपये जुर्माना वसूला गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ अभियान को प्रभावी बनाएं।

अवैध खनन में शामिल लोगों पर एफआईआर का निर्देश

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा। उन्होंने अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

अक्टूबर में सड़क दुर्घटनाओं में 10 लोगों की मौत

बैठक के दौरान जिला सड़क सुरक्षा समिति के साथ भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाने और सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने बताया कि अक्टूबर महीने में जिले में कुल 13 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 10 लोगों की जान गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

Read more

Local News