उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े, उप विकास आयुक्त संजय भगत ने दिलाई प्रस्तावना के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ
रांची। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पठन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए और संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस दौरान उप विकास आयुक्त संजय भगत ने कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। सभी ने संविधान में निहित मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संविधान दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
