विधानसभा के विशेष सत्र में सरकार की ओर से दिया जवाब, बोले- अनुदान राज्य का अधिकार है, भीख नहीं
रांची। झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार की ओर से सदन में जवाब दिया। उन्होंने SIR, MMDR संशोधन विधेयक और राज्यों को मिलने वाले अनुदान के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान अंगीकार किया था। संविधान की प्रस्तावना में शामिल ‘हम भारत के लोग’ शब्द साधारण दिखते हैं, लेकिन उनका अर्थ व्यापक है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि विशेष सत्र के अंतिम दिन विपक्ष राज्य के प्रति सहयोग का भाव दिखाएगा, लेकिन वह सदन से बाहर चला गया। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय विशेष सत्र का समापन संविधान दिवस के दिन होना एक संयोग है।
‘हम भारत के लोग’ लोकतंत्र की व्यापक भावना
हेमंत सोरेन ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में ‘हम भारत के लोग’ केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की व्यापक भावना को व्यक्त करते हैं। संविधान ने आम नागरिकों और राज्यों को अधिकार तथा शक्तियां दी हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि कोई राज्य अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत खुद को सुरक्षित करना चाहता है, तो इसमें गलत क्या है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मुद्दों पर सदन में विपक्ष का रवैया चिंताजनक है।
SIR का विरोध नहीं, प्रक्रिया पर सवाल
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार इस प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि इसके तरीके और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखने की जरूरत पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और यहां की सामाजिक संरचना दूसरे राज्यों से अलग है। ऐसे में SIR की प्रक्रिया लागू करते समय राज्य की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण के समय की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 1949 में शिक्षा का स्तर आज की तुलना में काफी अलग था। इसके बावजूद संविधान ने निरक्षर नागरिकों को भी मतदान का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि संविधान ने ठेला चलाने वाले व्यक्ति और पूंजीपति, दोनों के वोट का मूल्य समान रखा।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में ऐसे गांव भी हैं, जहां के लोगों ने जिला कार्यालय तक नहीं देखा है। ऐसे इलाकों की परिस्थितियों को नजरअंदाज कर पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलाना उचित नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष ने दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी है और कुछ ऐसे दस्तावेज भी हैं, जिनसे वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की जानकारी मिलती है।
‘अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं’
राज्यों को मिलने वाले अनुदान के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुदान राज्य का अधिकार है, कोई भीख नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान के तहत मिलने वाली राशि को राज्य के खजाने में अतिरिक्त धन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह क्षतिपूर्ति की राशि है और राज्य को इसका अधिकार है।
उन्होंने कहा कि केंद्र को राज्य को उसका निर्धारित अनुदान देना होगा।
MMDR संशोधन विधेयक पर केंद्र की आलोचना
MMDR संशोधन विधेयक के मुद्दे पर हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान पीठ के आदेश के बाद MMDR कानून लागू किया गया था। मुख्यमंत्री का दावा था कि केंद्र सरकार यह साबित नहीं कर पाई है कि झारखंड की मांग जायज नहीं है।
उन्होंने कहा कि अदालत से राहत मिलने के बाद जब राज्य ने क्षतिपूर्ति की मांग तेज की, तो कानून में संशोधन कर राज्य के अधिकार सीमित करने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री ने इस संशोधन को देशहित के बजाय व्यापारिक हितों से जुड़ा बताया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश से अलग नहीं है और राज्य देश के विकास में बाधा नहीं बनना चाहता। हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘मजबूत सरकार’ के बजाय ‘मजबूर सरकार’ करार दिया।
