रांचीः राजधानी रांची में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर अहम भूमिका निभा रहे हैं.
नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में संचालित ये स्वास्थ्य केंद्र अब आम लोगों के लिए प्राथमिक इलाज का बड़ा सहारा बन चुके हैं. खास बात यह है कि इन केंद्रों की पूरी जानकारी अब ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है. जिससे लोग अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं.
रांची नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं. नगर निगम की वेबसाइट पर इन केंद्रों की लोकेशन, तस्वीरें और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों के मोबाइल नंबर भी अपलोड किए गए हैं. इससे लोगों को अपने आसपास उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेने में सुविधा हो रही है.
इन केंद्रों में सामान्य बीमारियों की जांच, डॉक्टरों की सलाह और जरूरी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. खासतौर पर महिलाओं और गर्भवती माताओं के लिए यह केंद्र काफी मददगार साबित हो रहे हैं. यहां नियमित रूप से प्रसव पूर्व जांच और स्वास्थ्य परामर्श दिया जा रहा है.
प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जाते हैं. इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की जांच कर एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान की जाती है. इसके साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त दवाएं और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी जाती है.
इसके अलावा इन केंद्रों में नियमित स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है. स्वास्थ्यकर्मी लोगों की ब्लड प्रेशर और शुगर जांच कर शुरुआती स्तर पर बीमारियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके. हर महीने के पहले मंगलवार को वैक्सीनेशन दिवस भी आयोजित किया जाता है. इस दौरान गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण की सुविधा दी जाती है. परिवार नियोजन को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और महिलाओं को जरूरी परामर्श के साथ आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है.
अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवल इलाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का भी केंद्र बनते जा रहे हैं. डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक संस्थानों में जाकर स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं.
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन केंद्रों के माध्यम से शहर के लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. आने वाले समय में इन सेवाओं को और मजबूत करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम क्षेत्र में लोगों को उनके घर के पास बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और जरूरी परामर्श की सुविधा दी जा रही है. साथ ही डिजिटल माध्यम से केंद्रों की जानकारी उपलब्ध कराकर लोगों की पहुंच को और आसान बनाया गया है.


