जिले में स्थानीय स्तर पर लाह प्रसंस्करण और कीट पालन की व्यवस्था बनाने की तैयारी
सिमडेगा, 16 सितंबर। झारखंड सरकार सिमडेगा को लाह उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को जिले के दौरे के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने जलडेगा और ठेठईटांगर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ लाह उत्पादन क्षेत्र का निरीक्षण किया। बाद में सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये।
मंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि सिमडेगा में वन उत्पादों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की आजीविका निर्भर है। लाह भी किसानों और ग्रामीण परिवारों की आय का महत्वपूर्ण साधन है। स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण की सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को कई बार अपना उत्पाद व्यापारियों को कम कीमत पर बेचना पड़ता है।
जिले में ही होगी लाह की प्रोसेसिंग
सरकार की योजना सिमडेगा में लाह के मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण की व्यवस्था विकसित करने की है। इससे किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की संभावना है। मंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रसंस्करण से ग्रामीणों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
दौरे के दौरान दिशा संस्था के निदेशक ने लाह प्रसंस्करण की तकनीक की जानकारी दी। बताया गया कि इस तकनीक के माध्यम से एक दिन में लगभग 40 किलो लाह का प्रसंस्करण किया जा सकता है। आने वाले समय में दिशा संस्था के अलावा अन्य संस्थाओं को भी इस क्षेत्र में काम करने की जिम्मेदारी देने की तैयारी है। इन गतिविधियों की निगरानी की जायेगी, ताकि इसका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
जिला मुख्यालय में तैयार होंगे लाह कीट
मंत्री ने बताया कि रांची से सिमडेगा और दूसरे जिलों तक लाह कीट पहुंचाने के दौरान काफी संख्या में कीटों के मरने की समस्या सामने आती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
इस समस्या को देखते हुए सिमडेगा जिला मुख्यालय में लाह कीट पालन और उनके भ्रूण तैयार करने की व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव है। स्थानीय स्तर पर कीट उपलब्ध होने से किसानों को सुविधा मिलेगी और परिवहन के दौरान होने वाला नुकसान कम किया जा सकेगा।
बालू घाटों की नीलामी पर भी जानकारी
बालू घाटों की नीलामी से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि एनजीटी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद राज्य सरकार ने नीलामी की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया में ग्राम सभाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी।
प्रेस वार्ता में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, जिला परिषद सदस्य सामरोम पौल टोपनो सहित अन्य लोग मौजूद थे।
