Tuesday, November 10, 2026

बैंक हॉलिडे: आज 10 नवंबर को आपके शहर में बैंक खुले हैं या बंद? जानें किन राज्यों में रहेगी छुट्टी

Share

नई दिल्ली: दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा और नए विक्रम संवत के अवसर पर मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को देश के कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो घर से निकलने से पहले अपने शहर में बैंक की छुट्टी की जानकारी जरूर जांच लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से जारी नवंबर महीने की छुट्टियों की सूची के अनुसार अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग अवकाश निर्धारित किए गए हैं।

इन राज्यों और शहरों में आज बंद रहेंगे बैंक

आरबीआई के नवंबर हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 10 नवंबर को प्रतिप्रदा, गोवर्धन पूजा और विक्रम संवत के अवसर पर गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा मुंबई, नागपुर, बेलापुर और बेंगलुरु में भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

वहीं, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और सिक्किम की राजधानी गंगटोक में भी बैंक बंद रहेंगे। इन शहरों में बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज नहीं होगा।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में खुले रहेंगे बैंक

राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। आरबीआई की छुट्टियों की सूची के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बैंक खुले रहेंगे। यहां बैंक शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहेगा।

नवंबर में इन तारीखों पर भी रहेंगी बैंक की छुट्टियां

नवंबर 2026 में अलग-अलग त्योहारों और क्षेत्रीय आयोजनों के कारण कई अन्य तारीखों पर भी बैंक बंद रहेंगे।

  • 11 नवंबर (बुधवार): भाई दूज, चित्रगुप्त जयंती और लक्ष्मी पूजा।
  • 13 नवंबर (शुक्रवार): वांगला फेस्टिवल।
  • 16 नवंबर (सोमवार): छठ पूजा।
  • 20 नवंबर (शुक्रवार): इगास-बग्वाल।
  • 23 नवंबर (सोमवार): सेंग कुट स्नेम।
  • 24 नवंबर (मंगलवार): गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा।
  • 27 नवंबर (शुक्रवार): कनकदास जयंती।

बैंक बंद होने पर भी जारी रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं

बैंक शाखाओं में छुट्टी रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सुविधाएं मिलती रहेंगी। यूपीआई, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम के जरिए पैसों का लेन-देन किया जा सकेगा।

इसलिए बैंक जाने से पहले आरबीआई की राज्यवार छुट्टियों की सूची जरूर देख लें, ताकि आपका जरूरी काम अधूरा न रह जाए।

Read more

Local News