Thursday, November 5, 2026

निरसा विधायक अरूप चटर्जी की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, डीसी ऑफिस का मुख्य गेट जाम करने की चेतावनी

Share

धनबाद, 5 नवंबर 2026। शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और शिक्षकों की मनमाने तरीके से ट्रांसफर-पोस्टिंग के विरोध में निरसा विधायक अरूप चटर्जी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रही। विधायक धनबाद उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे हैं।

अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी

विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि भूख हड़ताल के दूसरे दिन तक उपायुक्त या शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर गंभीरता से पहल नहीं हुई तो आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा।

विधायक ने गुरुवार से उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन करते हुए उसे जाम करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से सकारात्मक पहल नहीं हुई तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी आंदोलन किया जाएगा।

आंदोलन में शामिल होंगे आइसा के कार्यकर्ता

अरूप चटर्जी ने बताया कि गुरुवार से आइसा छात्र संगठन के कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल होंगे। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र भूख हड़ताल में पहुंचकर शिक्षा विभाग में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाएंगे।

डीसी ने जांच और स्वास्थ्य परीक्षण का दिया भरोसा

मामले में उपायुक्त ने विधायक की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू करने की बात कही है। इसके लिए जिले के विभिन्न हिस्सों से संबंधित आंकड़े और दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने भूख हड़ताल पर बैठे विधायक अरूप चटर्जी के स्वास्थ्य की जांच के लिए सरकारी चिकित्सक भेजने का भी भरोसा दिया है।

फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई और विधायक के आंदोलन की आगे की रणनीति पर नजर बनी हुई है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News