धनबाद: जिला के केंदुआडीह गैस रिसाव और भू-धंसान प्रभावित इलाके में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना सामने आई है. केंदुआ गोधर 6 नंबर स्थित हवा चानक के पास अचानक तेज आवाज के साथ बड़ा गोफ बन गया, जिसकी चपेट में तीन घर आ गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रभावित परिवारों ने आनन-फानन में घर का सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा.
तीन घरों में आई दरारें
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. जब लोग बाहर निकले तो देखा कि जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है और वहां गहरा गोफ बन गया है. भू-धंसान की वजह से पास के तीन घरों में दरारें पड़ गईं. किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है लेकिन घरों में रहने वाले परिवारों के बीच दहशत का माहौल है.
गैस रिसाव और भू-धंसान की जद में है इलाका
प्रभावित परिवारों का कहना है कि यह इलाका लंबे समय से गैस रिसाव और भू-धंसान की जद में है. उन्होंने कई बार बीसीसीएल प्रबंधन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों का आरोप है कि हर बार आश्वासन मिलता है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.
स्थिति का आकलन करने के बाद की जाएगी कार्रवाई: सीओ
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई. सीओ विकास आनंद ने बताया कि भू-धंसान की जानकारी मिली है और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट ली जा रही है. स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका से सहमे हुए हैं.


