Tuesday, May 19, 2026

मंईयां सम्मान योजना को लेकर धनबाद अंचल कार्यालय में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी.

Share

धनबाद: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना का लाभ पाने और सत्यापन कराने के लिए धनबाद अंचल कार्यालय में सोमवार को महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही कार्यालय परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं. बड़ी संख्या में महिलाएं अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचीं और योजना से संबंधित आवेदन जमा किए.

मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. इन दिनों सरकार की ओर से सभी लाभुकों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ केवल योग्य महिलाओं को ही मिले. इसी प्रक्रिया के तहत उन महिलाओं से भी आवेदन लिए जा रहे हैं जिन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है.

अंचल कार्यालय पहुंची महिलाओं ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से वे लगातार इंतजार कर रही हैं, लेकिन उनके बैंक खाते में अब तक राशि नहीं आई है. महिलाओं का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि आवेदन जमा करने और सत्यापन के बाद उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.

धनबाद के अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार ने बताया कि सभी लाभुकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जिन महिलाओं को किसी कारणवश राशि नहीं मिल रही है, उनसे आवेदन लेकर उनकी पात्रता की समीक्षा की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जो महिलाएं योजना की निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करती हैं, उनके नाम लाभुकों की सूची से हटाए जाएंगे. फिलहाल, सत्यापन प्रक्रिया के कारण अंचल कार्यालयों में महिलाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है और प्रशासन इसे सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने में जुटा है.

Read more

Local News