धनबाद: कांग्रेस में लंबे समय से सुलग रही नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के असंतुष्ट नेताओं ने जिला अध्यक्ष संतोष सिंह के खिलाफ सीधा हमला बोला है. उन पर संगठन को कमजोर करने, मनमाने ढंग से पद बांटने और आर्थिक लेन-देन के जरिए पदाधिकारी नियुक्त करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. नेताओं ने दावा किया कि यदि जल्द नेतृत्व परिवर्तन नहीं हुआ तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा.
कांग्रेस जिला अधयक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल
धनबाद के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ता जुटे. बैठक में पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सिंह, वरिष्ठ नेता अशोक लाल और वैभव सिंह ने जिला अध्यक्ष की कार्यशैली पर तीखा सवाल उठाया. नेताओं का आरोप था कि संगठन में योग्यता और समर्पण की जगह पैसे और व्यक्तिगत निष्ठा को प्राथमिकता दी जा रही है.
मनोज सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावों में कमजोर प्रदर्शन कर रही है. लेकिन इसके बावजूद जिला नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों पर निजी हितों के लिए दबाव बनाया जा रहा है. जब अधिकारी नियमों के विरुद्ध काम करने से इनकार करते हैं, तो उनके खिलाफ आंदोलन खड़ा कर दिया जाता है.
संगठन में पद के बदले रकम लेने का आरोप
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि संगठन के छोटे पदों के लिए भी कथित रूप से रकम ली जा रही है. नेताओं ने कहा कि इससे समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है और पार्टी की साख को नुकसान पहुंच रहा है. कांग्रेस नेता अशोक लाल ने कहा कि जिला अध्यक्ष की तानाशाही अब नहीं चलने दी जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि यदि हाईकमान ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.


