खूंटी, 15 अक्टूबर 2026: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए खूंटी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर गुरुवार को दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें पुलिस जवानों को संभावित उपद्रव और उग्र भीड़ जैसी परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को अलग-अलग टुकड़ियों में बांटकर काल्पनिक उपद्रव की स्थिति तैयार की गई। हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और दंगा निरोधक ढाल से लैस जवानों ने निर्धारित प्रारूप में तैनाती, भीड़ को नियंत्रित करने और चेतावनी देने का अभ्यास किया।
इस दौरान टियर गैस शेल, स्टन ग्रेनेड और अन्य दंगा निरोधक उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। अभ्यास में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव कार्य और पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने दिए सतर्कता और अनुशासन के निर्देश
मॉक ड्रिल के समापन पर एसपी ऋषभ गर्ग ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुशासन, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिसकर्मी धैर्य और सूझबूझ के साथ विधि के अनुरूप कार्रवाई करें। दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर रहेगी निगरानी
एसपी ने पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।
शांति भंग करने की आशंका वाले चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
खूंटी पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।
BHARATSUPERFASTNEWS
