रांची: खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो फ्लाइट को बुधवार को डायवर्ट कर वापस कोलकाता भेजना पड़ा. यह फ्लाइट रांची पहुंचने के बाद पुनः कोलकाता लौटने वाली थी लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण विमान को करीब आधे घंटे तक आसमान में होल्डिंग के बाद वापस लौटना पड़ा.
कम विजिबिलिटी की वजह से लैंड नहीं हो पाई फ्लाइट
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, रांची एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी काफी कम थी, जिसके कारण सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं थी. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया. इसका असर रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा.
दूसरी फ्लाइट से भेजे जा रहे हैं यात्री
हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. जानकारी के मुताबिक, रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को शाम 7:00 बजे की फ्लाइट में समायोजित किया गया है.
यात्रियों ने ली राहत की सांस
रांची एयरपोर्ट पर कोलकाता जाने के लिए इंतजार कर रही यात्री सलजा जैन ने बताया कि मैं कोलकाता जाने के लिए एयरपोर्ट पर काफी देर से इंतजार कर रही थी. बताया गया कि जो फ्लाइट आने वाली थी, वह खराब मौसम के कारण वापस लौट गई है. बाद में हमें दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की गई, जिससे थोड़ी राहत मिली.
साफ मौसम होते ही शुरू होगी फ्लाइट
वहीं एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यह भी कहा है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा और विजिबिलिटी सामान्य होगी, कोलकाता से रांची आने वाली फ्लाइट को दोबारा ऑपरेट किया जाएगा. फिलहाल उड़ानों का संचालन मौसम पर निर्भर है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें और एयरलाइन के दिशा-निर्देशों का पालन करें.


