Monday, July 13, 2026

अब घर बैठे ऑनलाइन बनवा सकते हैं राशन कार्ड, यहां जानें पूरी प्रोसेस

Share

सरकारी राशन के योग्य लाभार्थी अब घर बैठे आसानी से अपना राशनकार्ड बनवा सकते हैं. राज्य सरकार ने इसकी प्रक्रिया बेहद आसान कर दी है. लोगों को राशन कार्ड बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे.

 पटना. अब राज्य सरकार की पहल से ऑनलाइन राशन कार्ड बनाना आसान हो गया है. योग्य लाभार्थी अब घर बैठे आसानी से अपना राशनकार्ड बनवा सकते हैं. इससे आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर और वहां लगने वाली लंबी कतारों से छुटकारा मिल रहा है. सरकार ने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया है.

राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया

आवेदन के लिए वेबसाइट Rconline.bihar.gov.in पर जाना होगा. वहां ‘न्यू यूजर साइन अप फॉर मेरी पहचान’ पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करना होगा. यहां परिवार के किसी सदस्य के नाम से फॉर्म भरने के बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए रजिस्ट्रेशन पूरा होगा. इसके बाद नयी आइडी और पासवर्ड से लॉगिन कर आवेदन पत्र भरा जा सकता है.

आवेदन प्रक्रिया में परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, निवास प्रमाण पत्र , परिवार का फोटो (जेपीजी फॉर्मेट), आवेदक के हस्ताक्षर का फोटो, तथा यदि शर्तें लागू हो तो विकलांगता, आय या जाति प्रमाण पत्र की स्वहस्ताक्षरित फोटोकॉपी अपलोड करनी होगी.

आवेदन जमा करने के बाद रेफरेंस नंबर मोबाइल पर एसएमएस के जरिए प्राप्त होगा, जिससे आवेदन की स्थिति को ट्रैक किया जा सकेगा. यह सुविधा आम लोगों के समय और संसाधनों की बचत करेगी. इसके साथ ही राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को और पारदर्शी बनायेगी. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी पात्र लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है.

Read more

Local News