Friday, June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर लोगों ने स्वच्छ जामताड़ा-ग्रीन जामताड़ा बनाने का संकल्प लिया.

Share

जामताड़ा: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जामताड़ा जिला प्रशासन वन विभाग एवं नगर पंचायत जामताड़ा द्वारा संयुक्त रूप से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. खराब मौसम और बीच-बीच में हो रही बारिश के बावजूद जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया.

इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रमों के साथ-साथ वृक्षारोपण का शुभारंभ किया गया‌. साथ ही लोगों के बीच जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली भी निकाली गई. रैली में बच्चे, नगर पंचायत के पदाधिकारी, कर्मचारी, जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्ष आशा गुप्ता, समाज सेवी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया.

पर्यावरण को सुरक्षा देने का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर स्थानीय, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने रैली में पेड़ बचाने और पर्यावरण संरक्षण का आह्वान करते हुए नारे लगाए. इस मौके पर स्थानीय, प्रशासन, बुद्धिजीवी, नगर पंचायत के सभी कर्मी व पदाधिकारी ने जामताड़ा को स्वच्छ बनाने को लेकर पौधा लगाने का संकल्प लिया एवं लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और पौधा लगाने के लिए भी अपील की गई.

समाजसेवी और बुद्धिजीवियों ने इस पर्यावरण दिवस पर आज के बढ़ते आधुनिक ग्लोबल युग में पेड़ की कमी पर्यावरण के लिए काफी खतरा बताया है. इसे देखते हुए, उन्होंने सभी से पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पेड़ लगाने और उन्हें बचाने में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की. विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वन विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया.

Read more

Local News