रांची: पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की बीजेपी सरकार ने 12 साल पूरे किए हैं. केंद्र में भाजपा सरकार के लगातार 12 वर्ष पूरे होने की खुशी में बीजेपी ने झारखंड समेत देशभर में इसे उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. प्रदेश बीजेपी द्वारा इस अवसर को “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” रूप में मनाया जा रहा है.
इसी के तहत केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रक्षा मंत्रालय के उपक्रम मिधानी के सीएसआर फंड से महिलाओं को सिलाई मशीन बांटी. महिलाओं के स्वावलंबन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व विधायक अनंत ओझा, मेयर रोशनी खलखो आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे.
2500 महिलाओं को मिलेंगी सिलाई मशीन
रक्षा मंत्रालय के उपक्रम मिधानी के सीएसआर फंड से शुक्रवार को 235 महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई. केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत 2500 महिलाओं को मशीन दी जाएगी. इसके माध्मम से महिला सशक्तिकरण के साथ स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में विकास की तस्वीर बदल दी है. उन्होंने आधी आबादी के लिए चाहे वो उज्ज्वला योजना हो, चाहे आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख तक का गोल्डन कार्ड हो या बेटी पैदा होने पर पांच हजार रुपये का प्रावधान किया हो.
पर्यावरण दिवस के मौके पर 266 करोड़ पेड़ लग चुके हैं!
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को 33% आरक्षण 2029 के चुनाव से मिले, इसका प्रयास किया है और पर्यावरण दिवस के मौके पर 266 करोड़ पेड़ लग चुके हैं. उन्होंने कहा कि 5 जून से 21 जून तक प्रधानमंत्री के 12 साल की उपलब्धि, जनता के बीच ले जाने का काम करेंगे. इस मौके पर रांची की महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई, जो इसके माध्यम से अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी.
इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि सिलाई मशीन के जरिए महिलाएं सशक्त होंगी और रोजी रोजगार के भी साधन इसके माध्यम से उन्हें मिलेंगे. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐतिहासिक उपलब्धि इस दौरान हासिल हुई है और यही वजह है कि प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय पीएम के रूप में हैं.


