रांची:नगर निकाय चुनाव के बाद राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है. अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव तैयारी में जुटा राज्य निर्वाचन आयोग ने अगले वर्ष 2027 के जून तक सारी प्रक्रिया पूरी कर गांव की सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है.
अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव से पहले पंचायती राज विभाग ओबीसी ट्रिपल टेस्ट करवाकर आयोग को रिपोर्ट भेजने का निर्णय लिया है. जाहिर तौर पर ओबीसी ट्रिपल टेस्ट के बाद पंचायत में वर्तमान आरक्षण व्यवस्था में बदलाव होगा और ओबीसी, एससी, एसटी और महिला के लिए आरक्षित सीटों में फेरबदल होगा. गौरतलब है कि पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए 50% सीटें आरक्षित हैं. राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार पंचायत चुनाव में अप्रत्यक्ष रुप से पांच पद जैसे उपमुखिया, उप प्रमुख, जिला परिषद उपाध्यक्ष आदि पदों के लिए निर्वाचन होगा.
SIR के बाद जारी नए वोटर लिस्ट के आधार पर होगा चुनाव
राज्य में अगले वर्ष होनेवाले पंचायत चुनाव नए वोटर लिस्ट के आधार पर होगा. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR के बाद जारी होनेवाले मतदाता सूची को राज्य निर्वाचन आयोग आधार बनाकर मतदान कराएगा. पूर्व की तरह बैलेट पेपर के आधार पर ही चुनाव कराए जाएंगे.
पिछले चुनाव पर नजर डालें तो 2022 के चुनाव में राज्य में 4345 पंचायत थी, जबकि ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल संख्या 53479 थी. वहीं पंचायत समिति की संख्या 5341 और जिला परिषद के क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 536 थी. राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार पिछले बार चतरा की बचरा पंचायत नगर निकाय क्षेत्र घोषित होने की वजह से वहां चुनाव नहीं हो पाया था. जिसे बाद में फिर से पंचायत ही घोषित किया गया. इस वजह से वहां पिछले पांच वर्षों से ना तो पंचायत चुनाव वहां हुए और ना ही नगर निकाय चुनाव, ऐसे में इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव वहां कराया जाएगा.


