Tuesday, May 19, 2026

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर निशाना साधा है.

Share

रांची: राज्य के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर तीखा हमला बोला है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस की नई कमिटी गठित होने के बाद से ही प्रदेश नेतृत्व और खासकर प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकलापों को लेकर नाराजगी चल रही थी. लेकिन इस बार वित्तमंत्री की नाराजगी अलग है.

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जेटेट भाषा विवाद को लेकर कमिटी की पहली बैठक हो चुकी है, लेकिन अभी तक यह नहीं पता चला कि हमारी पार्टी कांग्रेस का इसपर रुख क्या है. उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में वह और सहयोगी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अपने विवेक से पार्टी का पक्ष कमिटी के सामने रख देंगे

उन्होंने कहा कि जेटेट भाषा विवाद को दूर करने के लिए बनीं कमिटी के संयोजक के नाते केशव महतो कमलेश से पार्टी का इस मुद्दे पर पक्ष जानकर कोई गुनाह नहीं कर दिया है. उन्होंने कहा कि जब समय आएगा जब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भी बताएंगे कि जनहित के मुद्दे पर कैसे प्रदेश नेतृत्व चुप्पी साधे रहता है.

वित्तमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मैंने कांग्रेस का संविधान पढ़ा है. हम सिर्फ सत्ता पाने की राजनीति नहीं करते बल्कि जनसेवा और जनहित पार्टी की प्राथमिकता है. हम कैसे इन महत्वपूर्ण विषयों पर चुप रह सकते हैं. वित्तमंत्री ने कहा कि यह सही है कि राज्य में गठबंधन दल के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं. उनका निर्णय अंतिम होगा लेकिन एक राजनीतिक दल होने के नाते क्या हम महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप रहेंगे.

राधाकृष्ण किशोर पर लगा पुत्रमोह का आरोप

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि कुछ लोग हम पर पुत्रमोह का आरोप लगाते हैं. ऐसे लोगों से मेरा कहना है कि अगर मेरा बेटा पार्टी को सींच रहा है, मेहनत कर रहा है, पार्टी का जनाधार बढ़ा रहा है तो क्या उसे सिर्फ इसलिए नजरअंदाज कर देना चाहिए, क्योंकि वह राधाकृष्ण किशोर का बेटा है.

वित्तमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राहुल गांधी ने जब उनसे पूछा था कि कांग्रेस को क्यों छोड़ा था तो मैंने कहा था कि कांग्रेस की सीट राजद को दे दी गयी है. इसलिए पार्टी छोड़कर दूसरे दल में चला गया. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जदयू, भाजपा जहां भी गया, वहां जनता के आशीर्वाद से उस पार्टी का परचम लहराया. मैं जब कांग्रेस में लौटा तभी 25 वर्ष बाद कांग्रेस की मेरे क्षेत्र में जीत हुई.

उन्होंने कहा कि वर्तमान कमिटी में कितने नेताओं के बेटा-बेटी, पत्नी, भाई और अन्य सगे संबंधियों को जगह मिली है, यह किसी से छुपी है क्या? उन्होंने केशव महतो कमलेश के जम्बोजेट प्रदेश कांग्रेस कमिटी पर तंज कसते हुए कहा कि इतनी बड़ी कमिटी से तो 2029 में पार्टी को 32 विधानसभा सीट मिलनी चाहिए. उन्होने कहा कि जब इतना ही संगठन का काम हुआ है तो बन्ना गुप्ता की पत्नी को छोड़ बाकी जगहों पर नगर निकाय चुनाव में हमारी भद क्यों पिट गयी?

Table of contents [hide]

Read more

Local News