घाटशिला की निचली अदालत के फैसले को हाईकोर्ट ने सही माना। अदालत ने कहा कि विश्वसनीय चश्मदीद गवाही और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि कायम रखी जा सकती है।
रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने पूर्वी सिंहभूम जिले में एक महिला को डायन बताकर उसकी हत्या करने के मामले में दोषी फागू महली उर्फ पागू की अपील खारिज कर दी है। अदालत ने घाटशिला की निचली अदालत से सुनाई गई आजीवन सश्रम कारावास की सजा को बरकरार रखा।
2014 की घटना में हुई थी महिला की हत्या
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यह घटना 11 जून 2014 को डुमरिया थाना क्षेत्र के सत्यबकरा टोला (लोकापानी) में हुई थी। इससे एक रात पहले फागू महली का परिवार में विवाद हुआ था। इस दौरान वह लिपि महली के पीछे दौड़ा था। लिपि ने मकरो सरदार के घर में शरण ली थी, जहां खोरी सरदार ने उसे बचाया था।
अगली सुबह खोरी सरदार अपनी बहू झरना सरदार के साथ पानी लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान फागू महली वहां पहुंचा और उन्हें डायन कहते हुए कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना में खोरी सरदार की मौत हो गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया था।
निचली अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद
घाटशिला के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 20 अगस्त 2016 को फागू महली को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत दोषी करार दिया था। अदालत ने उसे आजीवन सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना जमा नहीं करने पर छह महीने के अतिरिक्त साधारण कारावास का भी प्रावधान किया गया था।
बचाव पक्ष ने उठाए थे गवाही पर सवाल
हाईकोर्ट में अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई कि अभियोजन का मामला मुख्य रूप से मृतका की बहू झरना सरदार की गवाही पर आधारित है। बचाव पक्ष ने अन्य गवाहों के बयानों के संदर्भ में घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी को संदिग्ध बताया।
यह भी तर्क दिया गया कि आरोपी ने केवल एक बार वार किया था और डायन प्रथा निषेध कानून के तहत दोषसिद्धि नहीं हुई। इसलिए बचाव पक्ष ने IPC की धारा 302 के तहत दी गई सजा को अनुचित बताया।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से अपील का विरोध किया गया। अभियोजन पक्ष ने कहा कि चश्मदीद की गवाही भरोसेमंद है। घटनास्थल से खून लगा कुल्हाड़ा भी बरामद हुआ था और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था।
साक्ष्य की गुणवत्ता को माना अहम
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी मामले में गवाहों की संख्या से अधिक उनके बयान की विश्वसनीयता मायने रखती है। अदालत के अनुसार, यदि एकमात्र चश्मदीद का बयान भरोसेमंद हो और अन्य साक्ष्य भी उसका समर्थन करते हों, तो उसके आधार पर दोषसिद्धि कायम रखी जा सकती है। गवाह का मृतका का रिश्तेदार होना अपने आप में उसकी गवाही को खारिज करने का आधार नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के सिर के बाएं फ्रंटो-टेम्पोरल हिस्से में धारदार हथियार से लगी चोट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट में मस्तिष्क के ऊतक क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आई थी।
अदालत ने घटना की परिस्थितियों, कुल्हाड़ी से किए गए हमले और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करते हुए निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप का आधार नहीं पाया। इसके साथ ही फागू महली की अपील खारिज कर उसकी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी।
