रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े पॉक्सो मामले में पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट से भी मामले का स्वतः संज्ञान लेने और अपनी निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है।
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी घटना को लेकर चिंता जताई। उनके मुताबिक, अभिषेक भारती के साथ पुलिस ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उन्हें अपनी पसंद के अनुरूप बयान देने के लिए दबाव में रखा।
पुलिस पर प्रताड़ित करने और बयान बदलवाने का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर तक पाकरटांड़ थाना में अभिषेक के साथ मारपीट की गई। दावा है कि पुलिस उन पर अदालत में अपने पक्ष के अनुरूप बयान देने का दबाव बना रही थी।
मरांडी के अनुसार, अभिषेक ने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पुलिस से कहा कि उनसे जो लिखवाना है, लिखवा लिया जाए और जरूरत हो तो सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए जाएं, लेकिन मारपीट बंद की जाए। उन्होंने तलवों पर लाठियों से प्रहार और उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप भी लगाए हैं।
अदालत में पेशी के दौरान तबीयत बिगड़ने का दावा
नेता प्रतिपक्ष ने अभिषेक की अदालत में पेशी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, पत्रकार उस समय अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वह कथित तौर पर बेहोश होकर गिर पड़े।
मरांडी ने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले टाउन थाना पहुंचाया गया और फिर सदर अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने इस कार्रवाई के औचित्य पर सवाल उठाते हुए जवाब मांगा है।
तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो हटाने का आरोप
मरांडी ने यह भी दावा किया कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की स्थिति का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे तीन अन्य पत्रकारों को पुलिस टाउन थाना ले गई। आरोप है कि उन्हें करीब चार घंटे तक वहां बैठाए रखा गया और उनके मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग हटाने के बाद छोड़ा गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि पत्रकारों की रिकॉर्डिंग मिटाने का आदेश किसने दिया और ऐसा करने की जरूरत क्यों पड़ी।
CCTV फुटेज और मेडिकल दस्तावेज सुरक्षित रखने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक से पूरे घटनाक्रम से जुड़े रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की है। इसमें पाकरटांड़ और टाउन थाना के CCTV फुटेज, स्टेशन डायरी, अदालत परिसर की रिकॉर्डिंग तथा अस्पताल के मेडिकल दस्तावेज शामिल हैं।
उन्होंने अभिषेक की स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से जांच कराने और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के बिना उनका बयान दर्ज करने का भी आग्रह किया है।
हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से हस्तक्षेप की अपील
मरांडी का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की है कि आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि हिरासत में यातना देने के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। फिलहाल, इस मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
