रांची: चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) के वरिष्ठ धर्मगुरु और दुर्गापुर धर्मप्रांत के पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का निधन हो गया। उन्होंने रांची स्थित संत बरनाबास अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन से CNI सहित रोमन कैथोलिक और जीईएल चर्च के लोगों में शोक है। विभिन्न चर्चों के पदाधिकारियों और अनुयायियों ने उनके निधन पर दुख जताया है।
एक सप्ताह से चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक, बिशप तिर्की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और पिछले करीब एक सप्ताह से संत बरनाबास अस्पताल में भर्ती थे। उनका मूल गांव बेड़ो प्रखंड का कोलंबाबी है। वह रांची के कडरू इलाके में रहते थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।
1965 में शुरू की थी धार्मिक सेवकाई
ओनिल कुमार तिर्की ने वर्ष 1965 में छोटानागपुर धर्मप्रांत में प्रिस्बिटर के रूप में अपनी धार्मिक सेवाओं की शुरुआत की थी। वर्ष 1993 में उन्हें एपिस्कोपल सेवकाई के लिए चुना गया। इसके बाद 1993 से 1996 तक उन्होंने दुर्गापुर धर्मप्रांत के बिशप का दायित्व संभाला।
इसी अवधि में CNI के तत्कालीन मॉडरेटर ने उन्हें नवगठित ‘CNI मिनिस्ट्री टू चिल्ड्रेन’ का पूर्णकालिक समन्वयक नियुक्त किया था। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के बीच चर्च की सेवाओं का विस्तार करना था। हालांकि, पत्नी की गंभीर बीमारी और वर्ष 2000 में उनके निधन के बाद वह इस जिम्मेदारी को जारी नहीं रख सके।
बाइबल सोसायटी ऑफ इंडिया में भी निभाई जिम्मेदारी
धार्मिक नेतृत्व के अलावा बिशप तिर्की ने बाइबल सोसायटी ऑफ इंडिया के बिहार ऑक्सिलरी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1996 से 2004 तक उन्होंने यहां सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दीं। 65 वर्ष की आयु में वह इस पद से सेवानिवृत्त हुए।
उनके योगदान को चर्च से जुड़े लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। उनका अंतिम संस्कार रांची के कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान में किए जाने की संभावना जताई गई है।
