Friday, November 27, 2026

बालू घोटाला: बिहार EOW की झारखंड में कार्रवाई, चतरा-पलामू में कई ठिकानों पर छापे

Share

पटना/चतरा: बिहार में कथित बालू घोटाले की जांच का दायरा झारखंड तक पहुंच गया है। बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOW) की टीम ने मामले में झारखंड के चतरा जिले में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस मामले में झारखंड के कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं।

कार्रवाई के दौरान तीन लोगों से जुड़े ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। इनमें राजद से जुड़े अरुण कुमार सिंह, लोजपा से संबंधित प्रेम सिंह और ठेकेदार शक्ति सिंह के नाम शामिल हैं।

पलामू में भी पहुंची जांच टीम

EOW की एक अन्य टीम पलामू जिले में भी पहुंची है। बताया गया है कि अरुण कुमार सिंह के यहां क्रशर और माइंस हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एजेंसी ने चतरा में सिंह बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई की है।

अरुण सिंह, प्रेम सिंह और शक्ति सिंह के बीच करीबी रिश्तेदारी बताई गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

ED ने भी दर्ज किया है मामला

बिहार में बालू कारोबार से जुड़े कथित घोटाले की जांच EOW की प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है। इस मामले में ED ने प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज की है।

इससे पहले ED की टीम पिछले वर्ष धनबाद में कुछ ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। अब बिहार EOW की चतरा और पलामू में कार्रवाई से इस जांच में झारखंड से जुड़े लोगों और कारोबार की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

Read more

Local News