Madhubani News, 7 November 2026: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव शनिवार शाम मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने एएसआई की गोली से हुई मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के परिजनों और घटना में घायल लोगों के परिवारों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिवार को एक लाख रुपये और आईजीआईएमएस में इलाज करा रहे घायल के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
सांसद ने घायल के इलाज पर आईजीआईएमएस में होने वाले खर्च को उठाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव मदद करेंगे।
मृतक के बेटे को नौकरी दिलाने और बेटी की शादी में मदद का भरोसा
पप्पू यादव ने मृतक के बेटे को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि वह इच्छुक है तो उसे 18 हजार से 26 हजार रुपये तक के मासिक वेतन वाली नौकरी दिलाने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा, मृतक की बेटी की तय शादी में होने वाले खर्च का आधा हिस्सा देने की बात भी कही। सांसद ने परिवार को भविष्य में भी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
यादव समाज और गरीबों के साथ भेदभाव का लगाया आरोप
मुलाकात के दौरान पप्पू यादव ने यादव समाज और गरीब वर्ग के लोगों के साथ कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है और जाति के आधार पर हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने खटालों को हटाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। सांसद का कहना था कि इससे यादव समाज और गरीब तबके के लोगों की आजीविका प्रभावित होती है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों की भूमिका पर भी टिप्पणी की।
मुख्यमंत्री से न्यायिक जांच कराने की मांग
पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री से ऐसी घटनाओं की न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना में सीधे एनकाउंटर करने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने की अपील की।
BHARATSUPERFASTNEWS
