अगर आप व्हाट्सएप का वेब वर्ज़न यानी ब्राउज़र इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए एक बड़ी और अच्छी ख़बर आई है. व्हाट्सएप अब अपने वेब वर्ज़न पर ग्रुप वॉयस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा ला रहा है. ये फीचर अभी तक सिर्फ व्हाट्सएप के मोबाइल ऐप में ही उपलब्ध था, लेकिन अब इसे ब्राउज़र पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.
WABetaInfo की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, इस अपडेट को फिलहाल सिर्फ कुछ चुनिंदा बीटा यूज़र्स के लिए ही रोल आउट किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में इसे और भी ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की उम्मीद है.
इससे पहले व्हाट्सएप ने फरवरी में व्हाट्सएप वेब पर वन-टू-वन कॉलिंग की सुविधा दी थी, जिसमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन और वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का भी सपोर्ट था. अब उसी आधार पर ग्रुप कॉलिंग को भी वेब पर लाया जा रहा है, जो WhatsApp Web को एक पूरी तरह से काम करने वाले कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
कैसे काम करेगा नया फीचर
व्हाट्सएप वेब पर ग्रुप कॉल शुरू करना काफी आसान होगा. यूज़र्स को बस किसी ग्रुप चैट को खोलना होगा और चैट विंडो के ऊपर दिए गए कॉल बटन पर क्लिक करना होगा. इसके बाद वॉयस कॉल या वीडियो कॉल के दो ऑप्शन्स सामने आएंगे, उनमें से किसी एक विकल्प को चुनना होगा.
इसकी खास बात यह है कि यूज़र ग्रुप के सभी मेंबर्स को ऑटोमैटिक कॉल करने की बजाय अपनी पसंद के मुताबिक कुछ खास लोगों को ही चुन सकते हैं. इस फीचर के साथ यूज़र्स व्हाट्सएप वेब के जरिए 32 लोगों के साथ जुड़ सकते हैं, जो मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप की लिमिट के बराबर ही है.
कॉल लिंक और वेटिंग रूम भी मिलेगा
व्हाट्सएप वेब के इस अपडेट में कॉल लिंक का फीचर भी शामिल किया गया है. यूज़र्स एक यूनिक लिंक बना सकते हैं और उसे किसी के साथ भी शेयर करके उन्हें कॉल पर इनवाइट कर सकते हैं. यह लिंक 30 दिनों तक इस्तेमाल किए बिना भी एक्टिव रहता है, जिसके बाद यह अपने आप एक्सपायर हो जाता है. इसके अलावा जो लोग कॉल में आने वाले पार्टिशिपेंट्स पर ज्यादा कंट्रोल रखना चाहते हैं, उनके लिए वेटिंग रूम का ऑप्शन भी दिया गया है. इससे यूज़र तय कर सकते हैं कि कौन कॉल में एंट्री लेगा और कौन नहीं.
व्हाट्सएप वेब में ग्रुप कॉलिंग का फीचर पेश करने के साथ व्हाट्सएप ने प्राइवेसी के मामले में कोई समझौता नहीं किया है. ग्रुप कॉल पर भी वही एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन लागू होगी जो व्हाट्सएप के मैसेज और सामान्य कॉल पर होती है.
यूज़र्स को इसके लिए कोई अलग से सेटिंग नहीं करनी होगी. यह सुरक्षा अपने-आप काम करेगी. अगर आप चेक करना चाहता है कि यह नया फीचर आपके व्हाट्सएप वेब पर आया है या नहीं, तो आप किसी भी ग्रुप चैट को खोलें और वहां कॉल बटन देखें. अगर वहां पर कॉलिंग का नया ऑप्शन दिख रहा है तो समझ लीजिए कि आपके अकाउंट भी नया फीचर आ चुका है और नहीं. अगर वो नहीं दिख रहा है तो समझ लीजिए कि अभी तक आपके व्हाट्सएप वेब पर ग्रुप कॉलिंग का फीचर नहीं आया है और इसके लिए आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा.


