हजारीबाग: नगर निगम क्षेत्र में सेवा देने वाले शिक्षकों को नगर निगम ने बड़ा उपहार दिया है. पिछले 4 साल से लंबित चार प्रतिशत वेतन वृद्धि को मंजूरी दे दी गई है. मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम क्षेत्र में पढ़ाने वाले लगभग 50 शिक्षकों को अब 4% वेतन वृद्धि के साथ मिलेगा. हजारीबाग नगर निगम की बैठक में सहायक शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है.
मानदेय बढ़ने के बाद शिक्षकों में खुशी की लहर
बैठक में निगम क्षेत्र के पारा शिक्षकों के लंबित 4 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी का लाभ देने पर सहमति बनी है, जिससे शिक्षकों के बीच खुशी की लहर है. निगम क्षेत्र के पारा शिक्षक लंबे समय से 4 प्रतिशत वृद्धि की राशि का इंतजार कर रहे थे. इस संबंध में सहायक अध्यापक महासंघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने कई बार शिक्षकों की समस्या को उठाते हुए नगर निगम प्रशासन और महापौर का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था.
पारा शिक्षकों के पक्ष में लिया गया निर्णय
इसके बाद निगम की बैठक में इस विषय पर विचार-विमर्श किया गया और शिक्षकों के पक्ष में निर्णय लिया गया. पारा शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए महापौर और निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया है.
शिक्षकों की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है. शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पारा शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें मिलने वाले वैधानिक लाभ समय पर मिलना चाहिए. निगम की बैठक में लिए गए इस फैसले से शिक्षकों को राहत मिलेगी: अरविंद कुमार राणा, महापौर
इधर, निगम क्षेत्र के पारा शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और उनका मनोबल बढ़ेगा.


