Spotify ने आखिरकार एक लंबे समय से मांग की जा रही सुविधा को मोबाइल ऐप में भी शुरू कर दिया है. अब यूजर्स अपने फोन पर ही प्लेलिस्ट को फोल्डर्स में व्यवस्थित यानी मैनेज कर सकेंगे. यह फीचर 2010 में ही डेस्कटॉप वर्जन में आ चुका था, लेकिन मोबाइल यूजर्स को इसके लिए 16 साल इंतजार करना पड़ा.
अभी तक में अगर किसी यूज़र के पास बहुत सारी प्लेलिस्ट्स थीं तो उन्हें व्यवस्थित करने के लिए कंप्यूटर खोलना पड़ता था. अब फोन पर ही नया फोल्डर बना सकते हैं और अपनी पसंद की प्लेलिस्ट्स को उसमें डाल सकते हैं. यह खासतौर पर उन लोगों के लिए बहुत काम का है जो एआई टूल्स की मदद से ढेर सारी प्लेलिस्ट्स बनाते हैं. इन प्लेलिस्ट्स के कारण लाइब्रेरी पेज बिखरा-बिखरा लगता था और जरूरी प्लेलिस्ट ढूंढना मुश्किल हो जाता था.
लंबे समय से फीचर का इंतजार
इस फीचर के साथ एक और अच्छी बात यह है कि अब आप पूरे फोल्डर को एक साथ चला सकते हैं, फिर चाहे शफल मोड में चलाना हो या फिर सीक्वेंस में. हालांकि, अभी एक छोटी लिमिटेशन है कि फोल्डर में सिर्फ प्लेलिस्ट्स ही डाली जा सकती है, पूरे एल्बम नहीं. हालांकि, फिर भी मोबाइल पर इस फीचर का मिलना स्पॉटिफाई यूज़र्स के लिए एक बड़ी और अच्छी ख़बर है.
यह फीचर रेडिट यूजर FN-1708 ने सबसे पहले नोटिस किया था. उन्होंने अपने iOS डिवाइस पर इसकी स्क्रीनशॉट शेयर की. बाद में दूसरे यूज़र्स ने कंफर्म किया कि एंड्रॉयड पर भी इस फीचर को रोलआउट किया जा रहा है. Spotify इसे सर्वर-साइड अपडेट के जरिए धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचा रहा है, इसलिए कुछ लोगों को अभी इंतजार करना पड़ सकता है.
स्पॉटिफाई हमेशा से मोबाइल-फर्स्ट कंपनी रही है, लेकिन लाइब्रेरी मैनेजमेंट में मोबाइल यूजर्स को डेस्कटॉप वाले यूजर्स से कम सुविधाएं मिलती थीं. अब दोनों प्लेटफॉर्म्स पर फीचर्स लगभग बराबर हो गए हैं. खासकर, आजकल जब ज्यादातर लोग फोन से ही म्यूज़िक सुनते और प्लेलिस्ट बनाते हैं, तो यह अपडेट काफी जरूरी था. कई यूज़र्स लंबे समय से इस फीचर की मांग कर रहे थे क्योंकि उनके पास सैकड़ों प्लेलिस्ट्स हो जाती हैं, जैसे – वर्कआउट वाली, पार्टी वाली, स्टडी वाली, मूड वाली आदि. अब इन्हें अलग-अलग फोल्डर्स में रखकर लाइब्रेरी को साफ-सुथरा और आसानी से इस्तेमाल करने लायक बनाया जा सकता है.
स्पॉटिफाई ने इस फीचर को कोड में पिछले महीने ही दिखाया था और अब इसे लाइव रोलआउट करना शुरू कर दिया गया है. कंपनी धीरे-धीरे यूज़र्स को यह फीचर दे रही है. इस कारण अगर अभी आपके ऐप में यह फीचर नहीं दिख रहा है तो थोड़ा इंतजार करें और ऐप में आए नए अपडेट को इंस्टॉल करें.


