AI दिग्गज OpenAI ने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी को अपडेट किया है. इसके तहत कंपनी ने बताया कि वह अपनी सेवाओं, जैसे ChatGPT और Codex, को दूसरी वेबसाइटों पर प्रमोट करने के लिए यूज़र्स के बारे में सीमित जानकारी तीसरे पक्षों के साथ शेयर करेगा. दूसरे शब्दों में कहें तो, OpenAI अपने खुद के प्लेटफॉर्म के बाहर अपनी सर्विसेज की मार्केटिंग करने के लिए कुकीज़ का इस्तेमाल करेगा.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुकीज़ जानकारी के ऐसे पैकेट होते हैं, जो वेबसाइटों और विज्ञापनदाताओं को अलग-अलग वेब सर्फ़र्स की पहचान करने और उनकी ब्राउज़िंग हेबिट्स को ट्रैक करने की सुविधा देते हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल अवांछित निगरानी के लिए भी किया जा सकता है.
हालांकि, OpenAI ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि यूज़र की चैट किसी भी थर्ड पार्टी के साथ शेयर नहीं की जाएंगी और वे प्राइवेट ही रहेंगी. AI स्टार्टअप ने कहा कि, “इससे ChatGPT में आपकी बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. ChatGPT के साथ आपकी बातचीत प्राइवेट रहती है और मार्केटिंग पार्टनर्स के साथ शेयर नहीं की जाती.”
कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो, यूज़र्स को OpenAI की नई प्राइवेसी पॉलिसी में हुए बदलाव के बारे में एक ईमेल के ज़रिए जानकारी दी गई. बताया जा रहा है कि यह अपडेटेड प्राइवेसी पॉलिसी अभी सिर्फ़ अमेरिका के यूज़र्स पर लागू है, और इसका मकसद मुफ़्त यूज़र्स को पेड यूज़र्स में बदलना और यह देखना है कि उनके विज्ञापन कन्वर्ज़न के मामले में कितने असरदार हैं.
प्राइवेसी पॉलिसी में यह अपडेट ऐसे समय में आया, जब टेक दिग्गज OpenAI ChatGPT के अंदर अपने खुद के एडवरटाइजिंग नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी कर रहा है. इस साल की शुरुआत में, कंपनी ने US यूज़र्स के लिए ChatGPT के आउटपुट के नीचे विज्ञापन दिखाना शुरू किया था. Google जैसी AI प्रतिद्वंद्वी कंपनियां भी अपने जेनरेटिव AI प्रोडक्ट्स और सेवाओं के अंदर विज्ञापन दिखाने की संभावनाएं तलाश रही हैं.
Wired की एक रिपोर्ट OpenAI की प्रवक्ता Taya Christianson के हवाले से कहा गया कि, “लोगों की बातचीत या यूज़र्स के अन्य निजी कंटेंट को विज्ञापनदाताओं के साथ शेयर न करने की हमारी पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं हुआ है.”
उन्होंने आगे कहा कि, “कई दूसरी कंपनियों की तरह, OpenAI भी कुछ चुनिंदा मार्केटिंग पार्टनर्स के साथ मिलकर काम करती है, ताकि लोग तीसरी-पार्टी की वेबसाइटों और ऐप्स पर हमारे प्रोडक्ट्स के बारे में जान सकें, और हमने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी को अपडेट किया है, ताकि यह साफ़ हो सके कि यह प्रक्रिया कैसे काम करती है.”
OpenAI की नई प्राइवेसी पॉलिसी क्या कहती है?
अपडेटेड प्राइवेसी पॉलिसी के ‘पर्सनल डेटा का खुलासा’ (Disclosure of Personal Data) सेक्शन में, OpenAI ने विस्तार से बताया है कि वह पर्सनल डेटा का खुलासा कैसे करता है. कंपनी की अपडेटेड पॉलिसी के अनुसार, यूज़र्स के ईमेल एड्रेस या कुकी ID जैसे आइडेंटिफ़ायर विज्ञापन प्लेटफ़ॉर्म के साथ शेयर किए जा सकते हैं.
इससे OpenAI को यह जांचने में मदद मिलेगी कि क्या यूज़र्स ने Instagram पर Codex AI कोडिंग असिस्टेंट का विज्ञापन देखने के बाद, उसके लिए साइन अप करने जैसा कोई खास कदम उठाया है.
इससे ऑप्ट-आउट कैसे करें
हालांकि न्यूज़ रिपोर्ट्स के मुताबिक, ChatGPT पर मार्केटिंग सेटिंग्स डिफ़ॉल्ट रूप से चालू रहती हैं, लेकिन इस तरह की ट्रैकिंग से बाहर निकलने के लिए इन स्टेप्स को फ़ॉलो करना होगा:
1. ChatGPT के वेब वर्शन पर जाएं
2. Settings > Data Controls > Marketing Privacy पर जाएं
3. टॉगल को ‘बंद’ पर सेट करें.


