Wednesday, August 5, 2026

हजारीबाग में विकास योजनाओं का डीसी ने लिया जायजा, अधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश.

Share

हजारीबाग: जिला उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को शहर और कटकमदाग प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पेलावल क्षेत्र के वार्ड-1 में पहुंचे, जहां डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) की राशि से बन रहे पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि स्वीकृत सड़क के एक हिस्से पर स्थानीय स्तर पर चहारदीवारी बनाए जाने से मार्ग संकरा हो गया है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिले में चल रही अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इसके बाद उपायुक्त कटकमदाग प्रखंड पहुंचे और भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में खपरियावां मौजा का स्थलीय निरीक्षण किया। शिकायत में कथित रूप से गलत तरीके से भूमि की डीड तैयार कर बिक्री किए जाने का मामला सामने आया था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई और मामले में लापरवाही पाए जाने पर वरीय सहायक राजेश कुमार के तत्काल स्थानांतरण का निर्देश दिया।

दौरे के दौरान उन्होंने कटकमदाग अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां प्रशासनिक और राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए तैयार की जा रही साइकिल वितरण योजना के तहत असेंबल की जा रही साइकिलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष समाधान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

Read more

Local News