लातेहार: झारखंड के वरिष्ठ नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को लातेहार जिले में विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से कीनामाड़ में आयोजित समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के प्रति उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने झारखंड की पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और वंचित समाज के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया।
इस अवसर पर कीनामाड़ चौक का नामकरण शिबू सोरेन के नाम पर किए जाने की घोषणा की गई। साथ ही बताया गया कि भविष्य में इस स्थल को शिबू सोरेन स्मृति स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। फिलहाल प्रतीकात्मक रूप से उनकी तस्वीर के साथ चौक का उद्घाटन किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य अरुण कुमार दुबे, बासुदेव यादव, बुद्धेश्वर उरांव, विनोद उरांव, प्रभात कुमार, सुशील यादव, आर्सेन तिर्की सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने गुरुजी के विचारों को आगे बढ़ाने और उनके संघर्षों को याद रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।
