लग्जरी कार निर्माता कंपनी Mercedes-Benz ने भारतीय बाजार में अपनी फुली इलेक्ट्रिक Mercedes-Benz CLA को लॉन्च कर दिया है. इस कार को कंपनी ने 55 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उतारा है, जो इसके CLA 200 वेरिएंट के लिए रखी गई है. वहीं इसके मिड-स्पेक CLA 250+ वेरिएंट के लिए इसकी कीमत 59 लाख रुपये और CLA 250+ Launch Edition वेरिएंट की कीमत 64 लाख रुपये रखी गई है.
कुछ साल पहले एक कॉन्सेप्ट के तौर पर इस कार को पहली बार पेश किया गया था और फिर मार्च 2025 में दुनिया भर में इसका प्रोडक्शन मॉडल दिखाया गया. खास बात यह है कि ऐसा पहली बार है, जब CLA नेमप्लेट को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वर्जन दिया गया है. इस कार को तीन वेरिएंट्स – 200, 250+ और 250+ Launch Edition – में उतारा गया है. इनमें 200 वेरिएंट में स्टैंडर्ड रेंज और 250+ वेरिएंट में लॉन्ग रेंज मिलती है. इसके Launch Edition में ब्लैक कलर रंग के अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं, और यह ‘Superscreen’ सेटअप से भी लैस है.
Mercedes-Benz CLA Electric का एक्सटीरियर
कार के एक्सटीरियर की बात करें तो नई Mercedes-Benz CLA काफी हद तक वैसी ही नजर आती है, जैसा इसका कॉन्सेप्ट मॉडल नजर आया था. इस कार का आकार साफ़-सुथरा और फ्लोइंग नजर आता है, जिसके किनारे नरम हैं. लेकिन इसका EV वर्जन अपने अनोखे फ्रंट पैनल की वजह से सबसे अलग दिखता है.

कार में पारंपरिक ग्रिल की जगह पर, एक ऐसी सतह मिलती है जिस पर 142 चमकते हुए तीन-कोनों वाले सितारे बने हैं, और ठीक बीच में एक चमकता हुआ Mercedes-Benz लोगो नजर आता है. वहीं, साइड प्रोफाइल की बात करें तो यहां देखने पर CLA पहले से ज़्यादा स्लीक नजर आती है, और अब इसमें बड़े Mercedes सेडान जैसे ही फ़्लश डोर हैंडल्स दिए गए हैं.
रियर प्रोफाइल की बात करें तो स्टार-थीम वाला डिज़ाइन जारी रहता है, जिसमें LED टेल लैंप्स को पूरी चौड़ाई वाली लाइट बार से जोड़ा गया है, और इसमें एनिमेटेड लाइटिंग इफ़ेक्ट्स भी मिलता है. ग्राहक इस कार के साथ 17 से 19-इंच तक के अलॉय व्हील्स का विकल्प चुन सकते हैं. नई CLA का आकार भी अपने पिछले मॉडल की तुलना में बढ़ गया है. अब इस कार की लंबाई 4,723 mm, चौड़ाई 1,855 mm और ऊंचाई 1,468 mm है, जबकि इसका व्हीलबेस बढ़कर 2,790 mm कर दिया गया है.
Mercedes-Benz CLA Electric का इंटीरियर
कार के इंटीरियर पर नजर डालें तो इसकी सबसे खास बात इसमें मिलने वाला नया Superscreen सेटअप है, जिसमें 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 14.6-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन शामिल है. कार में इसमें पैनोरमिक सनरूफ स्टैंडर्ड तौर पर दिया गया है. इसके अलावा, इस कार में टच-सेंसिटिव कंट्रोल्स वाला तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील भी मिलता है.
वहीं इसकी सीट्स लेदरेट अपहोल्स्ट्री में फिनिश की गई हैं. अन्य फ़ीचर्स के तौर पर इस कार में वायरलेस फ़ोन चार्जर, हीटिंग और मसाज फ़ंक्शन वाली पावर्ड फ्रंट सीट्स, डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, Burmester साउंड सिस्टम और ऑटो पार्क असिस्ट शामिल हैं.
सेफ्टी फीचर्स पर नजर डालें तो CLA Electric में छह एयरबैग और एक Level 2+ एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) दिया गया है. इसके अलावा, इसमें ब्लाइंड-स्पॉट असिस्ट के साथ 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक भी मिलता है. कार में 405 लीटर का बुट स्पेस है, जबकि इलेक्ट्रिक CLA में आगे की तरफ 101 लीटर स्टोरेज कम्पार्टमेंट (फ्रंक) भी मिलता है.

Mercedes-Benz CLA Electric की बैटरी और परफॉर्मेंस
CLA, अंदर से Mercedes-Benz के नए MMA (मॉड्यूलर आर्किटेक्चर) प्लेटफ़ॉर्म पर बनी है. हालांकि यह दुनिया भर में कई तरह के पावरट्रेन को सपोर्ट करती है, लेकिन भारत में यह पूरी तरह से इलेक्ट्रिक CLA 200 (स्टैंडर्ड रेंज) और 250+ (लॉन्ग रेंज) के तौर पर पेश की गई है. इनमें से बाद वाले मॉडल में 85 kWh का बैटरी पैक दिया गया है.
इसमें एक सिंगल मोटर का इस्तेमाल किया गया है, जो 268 bhp की पावर और 335 Nm का टॉर्क उत्पन्न करती है, और यह पावर इसके पिछले व्हील्स तक पहुंचती है. Mercedes-Benz का दावा है कि नई CLA 250+ की रेंज 792 km (WLTP) तक और CLA 200 की रेंज 542 km है. नई CLA 800-वोल्ट सिस्टम पर भी चलती है, जिससे इसमें फ़ास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलती है. 320 kW DC फ़ास्ट चार्जर से, यह सिर्फ़ 10 मिनट में 325 km तक की रेंज जोड़ सकती है.
Mercedes-Benz CLA Electric की बुकिंग और डिलीवरी
फुली इलेक्ट्रिक Mercedes-Benz CLA के लिए बुकिंग इस साल मार्च में शुरू हुई थी. इस कार को 1.5 लाख रुपये की अग्रिम राशि के साथ बुक किया जा सकता है. इसकी डिलीवरी अप्रैल 2026 के आखिर (CLA 250+ Long Range) और जून 2026 (CLA 200 Standard Range) से शुरू होने की उम्मीद है.
प्रतिद्वंद्वियों की बात करें तो भारतीय बाज़ार में, Mercedes-Benz CLA EV का मुकाबला BYD Seal से होने वाला है, और साथ ही यह कार Tesla Model Y और Kia EV6 जैसे मॉडल्स से भी मुकाबला करने वाली है.


