रांची: झारखंड में युवाओं का दूसरे राज्यों में पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नई नीतिगत पहल की तैयारी की जा रही है। इसी उद्देश्य से बुधवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ सम्मेलन आयोजित हुआ। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने राज्य के आर्थिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।
सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद्, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। चर्चा के प्रमुख विषयों में औद्योगिक विकास, स्थानीय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करना शामिल रहा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। मुख्य अतिथियों में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल रहे।
इसके अलावा कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और झारखंड की पारंपरिक नृत्य-संगीत प्रस्तुति के साथ हुई।
शिक्षा और उद्योग से जुड़े सुझावों पर होगा काम
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि देश के निर्माण में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और दूसरे पेशेवर वर्गों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने झारखंड के विकास में भी विशेषज्ञों की भागीदारी को जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में प्राप्त सुझावों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे विषयों पर काम किया जाएगा। जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर विचार करने के लिए प्रोफेशनल पैनल बनाने की बात भी कही गई।
अगले दो वर्षों तक विशेषज्ञों के साथ होगा संवाद
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभव का उपयोग सामाजिक और आर्थिक बदलाव के लिए करना है।
उन्होंने बताया कि अगले दो वर्षों तक अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों के साथ लगातार संवाद किया जाएगा। इसका लक्ष्य ऐसा विकास मॉडल तैयार करना है, जिसमें हर परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर मिल सकें।
लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन ने भी सम्मेलन में शामिल विशेषज्ञों की सोच और अनुभवों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जो युवाओं को सशक्त बनाने और बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दे सकती हैं।
कृषि मंत्री ने बताई प्रोफेशनल्स कांग्रेस की भूमिका
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की स्थापना 2017 में हुई थी। इसका उद्देश्य अलग-अलग पेशेवर क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाना और नीतिगत फैसलों में उनके सुझावों को शामिल करना है।
स्थानीय उद्योग और रोजगार बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा और प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत बेहतर मार्गदर्शन और स्पष्ट नीतिगत दिशा की है।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट और बुद्धिजीवियों के सुझावों के आधार पर ऐसी नीतियां तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिनसे राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों का रुख न करना पड़े। इसके लिए स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को गति देने पर जोर दिया गया।
पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने रखे विचार
सम्मेलन में आयोजित पैनल चर्चा के दौरान तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने अपने सुझाव रखे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य और अनिल सिंह सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।
