रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत से जुड़े मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की रांची महानगर इकाई ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की। परिषद ने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई।
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का लगाया आरोप
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राज्य की संस्कृति, सभ्यता और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण निशा भगत को कथित तौर पर प्रताड़ना और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई होनी चाहिए।
आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा बताया मामला
परिषद ने इस प्रकरण को आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा बताया। संगठन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता जनता के सामने आ सके। ABVP ने यह भी कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जांच में दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में अंकित राज, हर्षित पांडे, तेजस्वी यादव, श्रीमय कुमार, ओम कुमार, अंशुल कुमार, विशाल कुमार, नारायण तिवारी, प्रियरंजन दुबे, अंशु कुमार, आकाश कुमार, प्रशांत सिंह और विपुल साहू समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
