Monday, September 21, 2026

Jharkhand Health News: 25 गरीब बच्चों का कोच्चि में होगा मुफ्त हृदय इलाज, सरकार उठाएगी 10 लाख तक का खर्च.

Share

रांची: झारखंड सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के इलाज को लेकर बड़ी पहल की है। राज्य के 25 बच्चों को जन्मजात हृदय रोग और दिल में छेद की समस्या के इलाज के लिए सोमवार को केरल के कोच्चि भेजा गया। इन बच्चों का इलाज अमृता अस्पताल में कराया जाएगा। इलाज और आवश्यक सर्जरी का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रत्येक बच्चे के इलाज पर करीब 10 लाख रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। बच्चों को भेजा गया यह दूसरा बैच है। इससे पहले भी झारखंड के बच्चों को इलाज के लिए कोच्चि भेजा गया था। विभाग का कहना है कि पहले बैच में शामिल बच्चों का उपचार और ऑपरेशन सफल रहा तथा वे स्वस्थ होकर वापस लौट चुके हैं।

पैसे की कमी से इलाज न रुके : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जन्मजात हृदय रोग और दिल में छेद जैसी समस्याओं के इलाज में काफी खर्च आता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना कठिन होता है, जिसके कारण कई बच्चों का समय पर उपचार नहीं हो पाता।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक परेशानी किसी बच्चे के इलाज में बाधा न बने। राज्य के किसी भी जिले में यदि कोई ऐसा बच्चा है, जिसे गंभीर हृदय संबंधी बीमारी है और परिवार इलाज का खर्च उठाने की स्थिति में नहीं है, तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी जा सकती है।

जनप्रतिनिधियों से बच्चों की पहचान में सहयोग की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे बच्चों की पहचान कर उनकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाने की अपील की है। इससे जरूरतमंद बच्चों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि चयनित बच्चों के उपचार पर उनके परिवारों को अपनी जेब से खर्च नहीं करना होगा।

एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा ने भी जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

बच्चों को कोच्चि रवाना करने की प्रक्रिया में रेलवे के डीआरएम समेत अन्य रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।

Read more

Local News