इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 67 वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रनों से हरा दिया. हैदराबाद ने 4 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए, जवाब आरसीबी 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी.
हारकर भी RCB को हुआ फायदा
RCB इस मैच को हार के भी अपना पहला स्थान बचाने में सफल रही, जिसकी वजह से अब उनको फाइनल में पहुंचने के लिए दो-दो चांस मिलेंगे. क्योंकि टॉप की दो टीमों के बीच पहला क्वालीफायर मैच खेला जाएगा और जीतने वाली टीम सीधा फाइनल में पहुंच जाएगी.
लेकिन हारने वाली टीम को एक और चांस मिलेगा, जब वो एलिमिनेटर की विजेता टीम से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी. एलिमिनेटर तीसरे और चौथे नंबर की टीम के बीच खेला जाएगा. इसमें हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी.
IPL 2026 क्वालीफायर-1
आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस(GT) के बीच खेला जाएगा. क्योंकि अंक तालिका में आरसीबी, गुजरात और हैदराबाद के 18-18 पॉइंट्स हैं. लेकिन नेट रन रेट में आरसीबी (+0.783) सबसे आगे है, इसलिए वो पहले स्थान पर है उसके बाद गुजरात (+0.695) का रन रेट हैदराबाद (+0.524) से बेहतर है. इसलिए वो दूसरे स्थान पर है. पहला क्वालीफायर 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा.
IPL 2026 एलिमिनेटर
अभी तक टूर्नामेंट के एलिमिनेटर मैच का फिक्सचर सामने नहीं आ सका है, क्योंकि प्लेऑफ की चौथी टीम अभी तक कंफर्म नहीं हो सकी है. इस स्थान के लिए अभी तक चार टीमें-पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और केकेआर-लड़ाई में बनी हुई है. इन ही चारों में से किसी एक खिलाफ हैदराबाद एलिमिनेटर मैच खेलेगी. जो की 27 मई को खेला जाएगा.
IPL 2026 क्वालीफायर-2
इसके बाद क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम और क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में आमने सामने होंगी. टूर्नामेंट का फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.


